Page Loader
अमेरिका: पूर्व राष्ट्रपति कैनेडी और मार्टिन लूथर किंग की हत्या से जुड़े दस्तावेज होंगे सार्वजनिक
डोनाल्ड ट्रंप ने मार्टिन लूथर किंग, JFK और RFK की हत्या से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक करने का आदेश दिया है

अमेरिका: पूर्व राष्ट्रपति कैनेडी और मार्टिन लूथर किंग की हत्या से जुड़े दस्तावेज होंगे सार्वजनिक

लेखन आबिद खान
Jan 24, 2025
01:14 pm

क्या है खबर?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपना कार्यकाल शुरू होने के पहले दिन से ही अप्रत्याशित और बड़े फैसले ले रहे हैं। अब उन्होंने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी (JFK), उनके भाई रॉबर्ट एफ कैनेडी (RFK) और सामाजिक कार्यकर्ता मार्टिन लूथर किंग जूनियर की हत्या से संबंधित दस्तावेजों को सार्वजनिक करने का आदेश दिया है। ट्रंप ने चुनावी अभियान के दौरान इसका वादा किया था। संभावना है कि इससे नई जानकारी सामने आ सकती है।

बयान

क्या बोले ट्रंप?

ओवल कार्यालय में कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करते हुए ट्रंप ने कहा, "यह एक बड़ी बात है। बहुत से लोग इसका लंबे समय से, सालों से, दशकों से इंतजार कर रहे हैं। सब कुछ सामने आ जाएगा।" ट्रंप ने आदेश पर हस्ताक्षर करने के बाद अपने सहयोगी से कहा कि वो पेन को रॉबर्ट एफ कैनेडी जूनियर को सौंप दें। बता दें कैनेडी जूनियर दिवंगत राष्ट्रपति के भतीजे और ट्रंप सरकार में मंत्री हैं।

समयसीमा

कब जारी होंगे दस्तावेज?

आदेश में कहा गया है कि आदेश जारी होने के 15 दिनों के भीतर राष्ट्रीय खुफिया निदेशक, अटॉर्नी जनरल, राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के लिए राष्ट्रपति के सहायक और राष्ट्रपति के वकील समन्वय में राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी की हत्या से संबंधित रिकॉर्ड को पूरी तरह से जारी करने के लिए एक योजना पेश करेंगे। वहीं, RFK और मार्टिन लूथर किंग के दस्तावेजों के लिए समयसीमा 45 दिन निर्धारित की गई है।

हत्या

JFK की हत्या की गुत्थी अब भी अनसुलझी

JFK की 22 नवंबर, 1963 को डलास में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। ली हार्वी ओसवाल्ड को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन गिरफ्तारी के 2 दिन बाद ही एक अन्य व्यक्ति जैक रूबी ने उसकी हत्या कर दी थी। ओसवाल्ड की हत्या के बाद से ही इस मामले में कई सवाल उठना शुरू हुए। पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के कार्यकाल के दौरान हत्या से जुड़े 13,000 दस्तावेज संपादित कर सार्वजनिक किए गए थे।

लूथर की हत्या

कैसे हुई थी RFK और लूथर किंग की हत्या?

RFK को 5 जून, 1968 को लॉस एंजिलिस में गोली मार दी गई थी। हत्या के वक्त वे एक रैली में हिस्सा ले रहे थे। उस साल RFK ने डेमोक्रेटिक प्राइमरी में जीत हासिल की थी और राष्ट्रपति पद की दौड़ में सबसे आगे चल रहे थे। मार्टिन लूथर किंग की 4 अप्रैल, 1968 को मेम्फिस टेनेसी में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनकी हत्या के बाद अमेरिका में कई जगहों पर दंगे हुए थे।