क्या है अमेरिका में बंदूक खरीदने का कानून और इस पर नियंत्रण का क्यों है विरोध?

अमेरिका के टेक्सास में मंगलवार को उवाल्डे की रॉब एलीमेंट्री स्कूल में 18 वर्षीय युवक की गोलीबारी में 21 लोगों की मौत होने के बाद देश में बंदूक खरीदने के कानून पर बहस छिड़ गई है। घटना के बाद राष्ट्रपति जो बाइडन ने व्हाइट हाउस में राष्ट्र के नाम संबोधन में लोगों से बंदूकों का समर्थन करने वालों के खिलाफ खड़े होने की अपील की है। आइये जानते हैं कि अमेरिका में बंदूक खरीदने का कानून क्या है।
अमेरिका के द गन कंट्रोल एक्ट, 1968 (GCA) के मुताबिक, बंदूक या छोटा हथियार खरीदने के लिए 18 साल की उम्र आवश्यक है और हैंडगन के लिए 21 साल की उम्र जरूरी है। हालांकि, बंदूक के पार्ट्स बिना लाइसेंस ऑनलाइन खरीदें जा सकते हैं। ऐसे में अपराधी और बच्चे ऑनलाइन बंदूक के पार्ट्स मंगवाते हैं और बंदूक तैयार कर लेते हैं। यही कारण है कि 33 करोड़ की आबादी वाले अमेरिका में आम नागरिकों के पास 39 करोड़ हथियार हैं।
बंदूकों के पार्ट्स खरीदने पर नियंत्रण नहीं होने से घर में तैयार की गई बूंदूकों पर सीरियल नंबर नहीं होता और बंदूकों के मालिकों का पता भी नहीं लगाया जा सकता है। इसके कारण अमेरिका में इस प्रकार तैयार बंदूकों को घोस्ट गन कहा जाता है। रिपोर्ट के अनुसार, अपराध की जगह मिलने वाले वाले हथियारों में से 50 प्रतिशत तक यही घोस्ट हथियार ही होते हैं। पुलिस ने अब तक ऐसी 25,000 हजार बंदूकें जब्त कर चुकी है।
टेक्सास की घटना के बाद राष्ट्रपति जो बाइडन ने बंदूक खरीद पर नियंत्रण उपाय लागू करने की बात कही है। इससे बंदूकों की बिक्री और खरीद को नियंत्रित किया जा सकेगा, लेकिन देश में ऐसा करना आसान नहीं है। इसका कारण अमेरिका की राजनीति में बंदूक समर्थक कार्यकर्ताओं की अधिकता होना है। ऐसे में राष्ट्रपति के इस दिशा में कदम बढ़ाने पर कड़े विरोध का सामना करना पड़ सकता है और यह उनकी पार्टी के लिए ठीक नहीं होगा।
एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में पिछले एक दशक में नेताओं ने बंदूक खरीद कानून को आसान बनाया है। इसमें रिपब्लिकन पार्टी के नेता प्रमुख रहे हैं। इससे देश में आग्नेयास्त्रों और बंदूकों की खरीद और उनका रख-रखाव काफी सुगम हुआ है।
दरअसल, साल 1791 में अमेरिका के संविधान में किए गए दूसरे संशोधन में अमेरिकी नागरिकों को अपनी सुरक्षा के लिए हथियार रखने के अधिकार दिए गए थे। ऐसे में बदूंक खरीद पर नियंत्रण उपाय लागू करने को हथियार समर्थक राजनीतिक संविधान पर हमला बताते हैं। इसी तरह नियंत्रण उपायों के समर्थकों का कहना है कि इससे देश में गोलीबारी की घटना और उसमें होने वाली मौतें कम हो सकेंगी। इसके बिना पुलिस और समुदायों की सुरक्षा को हमेशा खतरा रहेगा।
अमेरिका में हथियारों का सबसे बड़ा समर्थक नेशनल राइफल्स एसोसिएशन (NRA) है। यह अपनी राजनीतिक कार्रवाई समिति और 250 मिलियन डॉलर के वार्षिक बजट के हथियार खरीद के साथ बेहद मजबूत संगठन है। NRA में राजनेताओं को A से F की ग्रेडिंग प्रणाली में बांटकर हथियार रखने की छूट देने की वकालत की जाती है। पूर्व उपराष्ट्रपति पद की उम्मीदवार सारा पॉलिन, दिवंगत अभिनेता चार्लटन हेस्टन और पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज एचडब्ल्यू बुश भी इसके सदस्य रहे हैं।
2017 की प्यू रिसर्च सेंटर की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका के सभी बंदूक मालिकों में से 19 प्रतिशत NRA सदस्य हैं। हथियार रखने वाले 61 प्रतिशत लोग रिपब्लिकन पार्टी के हैं या फिर उसकी और झुकाव रखते हैं, जबकि NRA के बंदूक रखने वाले 77 प्रतिशत सदस्य रिपब्लिकन है या उनके करीबी हैं। बड़ी बात यह है कि बंदूक रखने वाले NRA सदस्य आम लोगों की तुलना में कहीं ज्यादा हथियार खरीदते हैं।
प्यू रिसर्च सेंटर के अनुसार, अमेरिका में हथियार रखने की छूट से गोलीबारी की घटनाएं बढ़ती जा रही है। साल 2017 से 2020 के बीच चार सालों में ही गोलीबारी की कुल 131 घटनाएं हुई है। इनमें सैकड़ों लोगों की मौत हो गई। साल 2017 में अमेरिका में गोलीबारी की 31, साल 2018 और 2019 में 30-30 तथा साल 2020 में कुल 40 घटनाएं हुई है। ऐसे में इनको रोकने के लिए कानून में बदलाव की मांग उठ रही है।
प्यू रिसर्च सेंटर की रिपोर्ट के अनुसार, 2021 के एक सर्वे में अमेरिका की 48 प्रतिशत आबादी ने बंदूक हिंसा को बहुत बड़ी समस्या माना है। अश्वेत समुदाय के 80 प्रतिशत लोग इसे अपने समुदाय के लिए बड़ा खतरा मानते हैं। इसी तरह अमेरिका की जहां 20 प्रतिशत श्वेत शहरी आबादी ही बंदूक रखती है, वहीं ग्रामीण क्षेत्र की 41 प्रतिशत श्वेत आबादी के पास बंदूके हैं। ऐसे में अश्वेत समुदाय के लोगों के लिए यह बड़ा खतरा है।