LOADING...
अमेरिका: स्कूल में फिर चली गोलियां, एक छात्र की मौत, 7 घायल

अमेरिका: स्कूल में फिर चली गोलियां, एक छात्र की मौत, 7 घायल

May 08, 2019
11:10 am

क्या है खबर?

अमेरिका के कोलोराडो में एक स्कूल में गोलीबारी की घटना से लोग सहम गए। यहां के डेनवर इलाके के एक स्कूल में दो छात्रों ने हेंडगन से गोलीबारी की। इससे उनके एक क्लासमेट की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल छात्रों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। आइये, जानते हैं पूरा मामला क्या है।

हमलावर

हमलावरों में एक नाबालिग

अधिकारियों ने बताया कि हाईलैंड रेंच के साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथ (STEM) स्कूल में दो हमलावर हथियारों के साथ आए और छात्रों पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। हमलावरों के पास हेंडगन थी और उन्होंने दो अलग-अलग क्लासरूम में गोलीबारी की। दोनों हमलावर स्कूल के छात्र हैं, जिनमें से एक की उम्र 18 साल से कम हैं। इस स्कूल में 12वीं तक की पढाई होती है। एक हमलावर का घर स्कूल से थोड़ी दूरी पर स्थित है।

जानकारी

गोलीबारी का मकसद पता नहीं

गोलीबारी के मकसद का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल इस मामले की जांच जारी है और जांच के बाद ही इस बारे में कुछ कहा जा सकता है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की इस घटना की जानकारी दे दी गई है।

Advertisement

घटना

क्लासरूम में मौजूद था एक हमलावर

गोलीबारी में घायल हुए एक 17 वर्षीय छात्र के पिता फर्नांडो मोंटोया ने बताया कि उनके बेटे को तीन गोलियां लगी है। मोंटोया के मुताबिक, उनके बेटे ने बताया कि एक हमलावर बाहर से उसके क्लासरूम में आया और गोलीबारी शुरू कर दी और एक हमलावर पहले से उसकी क्लास में मौजूद था। उसने अपने गिटार केस से पिस्तौल निकाला और गोलियां चलानी शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही SWAT टीम ने मौके पर पहुंच गई।

Advertisement

इतिहास

कोलोराडो में पहले भी होती रही है गोलीबारी की घटनाएं

कोलोराडो में कई बार मास शूटिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 2012 में हमलावर ने डेनवर इलाके के फिल्म थियेटर में गोलीबारी की थी, जिससे 12 लोगों की मौत हुई और कई लोग घायल हुए थे। STEM स्कूल में हुई गोलीबारी की घटना नॉर्थ कैरोलिना यूनिवर्सिटी में हुई गोलीबारी के एक सप्ताह के बाद हुई है। इसमें दो लोगों की मौत और चार लोग घायल हुए थे। इस मामले में एक 22 वर्षीय छात्रा को आरोपी बनाया गया है।

Advertisement