Page Loader
अमेरिका: टेक्सास में बंदूकधारी ने वॉलमार्ट स्टोर में घुसकर की गोलीबारी, 20 लोगों की मौत

अमेरिका: टेक्सास में बंदूकधारी ने वॉलमार्ट स्टोर में घुसकर की गोलीबारी, 20 लोगों की मौत

Aug 04, 2019
11:20 am

क्या है खबर?

अमेरिका के टेक्सास में एक बंदूकधारी ने वॉलमार्ट स्टोर में गोलीबारी करके 20 लोगों की जान ले ली, जबकि घटना में 26 लोग घायल हुए। हमलावर ने मौके पर ही पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। घटना के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन पुलिस का कहना है कि उन्हें हमलावर का एक घोषणापत्र मिला है, जिससे इस घटना के 'हेट क्राइम' होने की बात सामने आती है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने हमले को कायराना करार दिया है।

घटना

स्टोर में घुस हमलावर ने चलाईं अंधाधुंध गोलियां

शनिवार सुबह टेक्सास के एल पासो स्थित वॉलमार्ट स्टोर में राइफल लेकर घुसे एक व्यक्ति ने अंधाधुंध गोली बरसाना शुरू कर दिया। इससे वहां सामान खरीदने में व्यस्त लोगों में अफरातफरी मच गई। गोलीबारी में 20 लोग मारे गए, जबकि 26 लोग घायल हुए। हमलावर ने इसके बाद मौके पर ही पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी की पहचान डलास के ऐलेन उपनगर के रहने वाले 21 वर्षीय श्वेत युवक के तौर पर की गई है।

हेट क्राइम

गोलीबारी के नस्लभेदी घटना होने की आशंका

एल पासो के पुलिस प्रमुख ग्रेग ऐलेन ने बताया कि पुलिस को हमलावर का एक घोषणापत्र मिला है जिसमें इस घटना के एक 'हेट क्राइम' होने की बात सामने आती है। एक वेबसाइट पर डाले गए 4 पेज के इस घोषणापत्र में वॉलमार्ट हमले को "टेक्सास पर हिस्पैनिक आक्रमण का जवाब" बताया गया है। हिस्पैनिक का मतलब उन देशों के लोगों से हैं जहां स्पैनिश भाषा बोली जाती है। इनमें ज्यादातर लैटिन अमेरिका के देश आते हैं।

घोषणापत्र

हमलावर ने किया न्यूजीलैंड की मस्जिदों पर हमला करने वाले बंदूकधारी का समर्थन

हमलावर के घोषणापत्र में न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में 2 मस्जिदों पर हमला करके 51 लोगों की जान लेने वाले बंदूकधारी का समर्थन किया गया है। न्यूजीलैंड में हुई यह घटना भी "बाहरी लोगों के आक्रमण" की सोच से प्रभावित थी। हालांकि पुलिस ने जांच पूरी होने तक किसी नतीजे पर पहुंचने से इनकार किया है। वहीं, CNN की एक रिपोर्ट के अनुसार, मामले में FBI ने घरेलू आतंकवाद संबंधी जांच की शुरूआत की है।

प्रतिक्रिया

ट्रम्प ने की हमले की निंदा

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ट्वीट कर घटना की निंदा की और इसे एक कायराना हमला बताया। उन्होंने लिखा, "एल पासो, टेक्सास में आज हुई गोलीबारी न केवल दुखद है बल्कि एक कायराना हरकत है। मैं सभी देशवासियों के साथ इस घटना की निंदा करता हूं। ऐसे कोई कारण या बहाने नहीं हैं जो कभी भी निर्दोष लोगों की हत्या को सही ठहरा सकते हैं। मैं और मेलानिया टेक्सास के महान लोगों के लिए अपने हार्दिक विचार और प्राथनाएं भेजते हैं।"

ट्विटर पोस्ट

निर्दोष लोगों की हत्या को किसी भी तरीके से जायज नहीं ठहराया जा सकता- ट्रम्प

सार्वजनिक गोलीबारी

अमेरिका की आठवीं सबसे घातक गोलीबारी की घटना

बता दें कि अमेरिका में लोगों को हथियार मिलने में होने वाली आसानी के कारण वहां भीड़ पर गोलीबारी की घटनाएं होती रहती हैं। 6 दिन पहले ही उत्तरी कैलिफोर्निया के एक फूड फेस्टिवल में एक किशोर बंदूकधारी ने गोलीबारी करके 3 लोगों की जान ले ली थी। ये घटनाएं कई बार नस्लभेद पर आधारित होती हैं। टेक्सास में हुई ये घटना अमेरिका के इतिहास की आठवीं सबसे घातक सार्वजनिक गोलीबारी की घटना है।