Page Loader
अमेरिका: कैलिफोर्निया के जंगलों में लगी आग इतनी तेजी से क्यों फैल रही है?
अमेरिका का कैलिफोर्निया में जंगली आग से 5 लोगों की मौत हो गई है

अमेरिका: कैलिफोर्निया के जंगलों में लगी आग इतनी तेजी से क्यों फैल रही है?

लेखन आबिद खान
Jan 09, 2025
02:14 pm

क्या है खबर?

अमेरिका का कैलिफोर्निया राज्य भीषण जंगली आग की चपेट में है। यहां का लॉस एंजिल्स शहर आग से सबसे ज्यादा प्रभावित है। अभी तक कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई है, कई लोग घायल हुए हैं, 2,000 से ज्यादा इमारतों को नुकसान पहुंचा है और करीब एक लाख लोगों को विस्थापित होना पड़ा है। आग के चलते यहां आपातकाल घोषित कर दिया गया है। आइए जानते हैं आग इतनी तेजी से क्यों फैल रही है।

आग 

3 जगहों से भड़की है आग

कैलिफोर्निया के जंगलों में 3 जगहों पर आग लगी हैं। इन्हें पैलिसेड्स, हर्स्ट और ईटन फायर कहा जा रहा है। पैलिसेड्स फायर पैलिसेड्स ड्राइव के दक्षिण-पूर्व से शुरू हुई थी। यह 15,000 एकड़ में फैल गई है। ईटन फायर लॉस एंजिल्स के उत्तर में फैले जंगलों में एक घाटी के पास लगी थी। ये 10,000 एकड़ क्षेत्र में फैल गई है। हर्स्ट फायर सैन फर्नांडो के उत्तर में एक उपनगरीय इलाके में लगी, जो 500 एकड़ तक फैल गई है।

वजह

क्यों लगी आग?

आग लगने के पीछे बारिश की कमी, सूखी लकड़ियां और तेज हवाओं को वजह माना जा रहा है। लॉस एंजेल्स शहर पहाड़ों के बीच है। यहां चीड़ के जंगल हैं। 6 जनवरी को जंगली इलाकों में पेड़ों के जलने से आग की शुरुआत हुई, जिसने कुछ घंटों के भीतर ही हजारों एकड़ के इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। आग हर एक मिनट में 5 फुटबॉल मैदान के बराबर जगह पर फैल रही है।

फैलने की वजह

आग तेजी से क्यों फैल रही है?

दक्षिणी कैलिफोर्निया में 1 अक्टूबर से अब तक औसत से 1 प्रतिशत से भी कम बारिश हुई है। इसके चलते वातावरण में नमी की कमी है और पेड़-पौधे सूख गए हैं। दूसरी ओर, तेज हवाओं ने स्थिति और विकराल कर दी है। कई जगहों पर 130 से 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। इन्हें 'सांता सना' कहा जाता है। आमतौर पर ये पतझड़ के मौसम में चलती हैं और काफी गर्म होती हैं।

जलवायु परिवर्तन

जलवायु परिवर्तन भी है वजह

आग की तीव्रता और बार-बार लगने की घटनाओं के पीछे जलवायु परिवर्तन भी वजह है। बीते 22 साल दक्षिण-पश्चिमी अमेरिका में 1,200 सालों में सबसे सूखे रहे हैं। टाइम्स से बात करते हुए इंपीरियल कॉलेज लंदन के प्रोफेसर अपोस्टोलोस वुलगाराकिस ने कहा, "शोध से पता चला है कि शरद ऋतु में 'सांता एना' हवाएं भी जलवायु परिवर्तन के साथ बदतर हो सकती हैं। इससे वनस्पति अधिक शुष्क हो जाएगी और आग तेजी से फैलेगी।"

लोग

कितने लोग हुए प्रभावित?

अब तक पैसेडिना से एक लाख से ज्यादा लोगों को निकाला गया है और इतने ही लोगों को घर खाली करने को कहा गया है। अधिकारियों ने बताया कि कैलाबास, मालिबू और लॉस एंजिल्स में पैलिसेड्स फायर के मार्ग में आने वाले लगभग 37,000 लोगों को घर छोड़ने का आदेश दिया गया है। आग से 85,000 करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया है। कई सेलिब्रिटी के करोड़ों के घर खाक हो गए हैं।