Page Loader
शांति वार्ता में शामिल रूसी अरबपति और यूक्रेनी वार्ताकारों को दिया गया था जहर- रिपोर्ट
रूसी अरबपति रोमन अब्रामोविच और यूक्रेनी वार्ताकारों को दिया गया जहर (तस्वीर- Mike Egerton/PA Wire/Zuma Press)

शांति वार्ता में शामिल रूसी अरबपति और यूक्रेनी वार्ताकारों को दिया गया था जहर- रिपोर्ट

Mar 29, 2022
11:47 am

क्या है खबर?

इस महीने की शुरूआत में यूक्रेन की राजधानी कीव में एक बैठक के बाद रूस के अरबपति रोमन अब्रामोविच और यूक्रेन के वार्ताकारों में जहर दिए जाने के लक्षण दिखाई दिए थे। अमेरिकी अखबार द वॉल स्ट्रीट जर्नल ने मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के हवाले से ये जानकारी दी है। रिपोर्ट के अनुसार, अभी अब्रामोविच और यूक्रेनी वार्ताकार खतरे से बाहर हैं और उनके स्वास्थ्य में सुधार हुआ है।

लक्षण

3 मार्च की बैठक के बाद देखे गए लक्षण

मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने बताया कि 3 मार्च को कीव में बैठक के बाद अब्रामोविच, यूक्रेनी सासंद रुस्तम उमेरोव और एक अन्य वार्ताकार में लाल आंखें, दर्द के साथ-साथ आंखों से पानी आने और चेहरे और हाथों की त्वचा उतरने जैसे जहर के असर के लक्षण देखे गए। अब्रामोविच तो कुछ घंटे के लिए अंधे भी हो गए थे और बाद में उन्हें खाना खाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

शक

रूस के कट्टरपंथियों पर हमले को अंजाम देने का शक

मामले से संबंधित कुछ लोगों ने रूस के कट्टरपंथियों पर ये हमला कराने का शक जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि ये कट्टरपंथी युद्ध को खत्म करने के लिए चल रही वार्ता को नाकाम करना चाहते हैं। अब्रामोविच और अन्य वार्ताकारों को जहर कैसे दिया गया, ये अभी स्पष्ट नहीं है। रिपोर्ट के अनुसार, लक्षण दिखने से पहले के घंटों में उन्होंने केवल पानी और चॉकलेट का सेवन किया था। इसके बाद वो अपने अपार्टमेंट पर जाकर बीमार हो गए।

बयान

हमले का मकसद मारना नहीं, बल्कि चेतावनी देना था- जांचकर्ता

ओपन-सोर्स कलेक्टिव बेलिंगकैट के क्रिस्टो ग्रोजेव ने अब्रामोविच और वार्ताकारों पर इस हमले की जांच की है। उन्होंने कहा कि हमले का मकसद उन्हें मारना नहीं, बल्कि चेतावनी देना था। उन्होंने कहा कि समय बीतने के कारण अब जहर का पता नहीं लगाया जा सकता।

परिचय

कौन हैं अब्रामोविच?

अब्रामोविच रूस के जाने-माने अरबपति हैं जो शांति वार्ता में अहम भूमिका निभा रहे हैं। वह इस संबंध में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी मुलाकात कर चुके हैं। कई देशों ने अब्रामोविच पर आर्थिक प्रतिबंध भी लगाए हैं और इस कारण वे अपने फुटबॉल क्लब चेल्सी को बेचने की कोशिश कर रहे हैं। यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने अमेरिका से अब्रामोविच पर प्रतिबंध न लगाने का अनुरोध किया है। अब्रामोविच हमले के बावजूद शांति वार्ता में शामिल रहेंगे।

रूस का विरोधियों को जहर देना

न्यूजबाइट्स प्लस

पुतिन के नेतृत्व वाली रूसी सरकार अपने कई विरोधियों को जहर दे चुकी है। सबसे प्रसिद्ध मामला विपक्षी नेता एलेक्सी नवेलनी का है जिन्हें 2020 में जहर दिया गया था। जर्मनी में काफी मशक्कत के बाद उनकी जान बची थी। इससे पहले 2004 में रूस पर यूक्रेन के राष्ट्रपति उम्मीदवार विक्टर युशचेंको को जहर देने का आरोप भी लगा था। 2018 में उस पर UK में पूर्व रूसी सैन्य अधिकारी और उसकी बेटी को जहर देने का आरोप भी लगा।