Page Loader
कोरोना महामारी की तीसरी लहर झेल रहा फ्रांस, नवंबर के बाद अब सामने आए रिकॉर्ड मामले

कोरोना महामारी की तीसरी लहर झेल रहा फ्रांस, नवंबर के बाद अब सामने आए रिकॉर्ड मामले

Mar 17, 2021
10:31 am

क्या है खबर?

फ्रांस इन दिनों कोरोना महामारी की तीसरी लहर का सामना कर रहा है और यहां मरीजों में संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। प्रधानमंत्री जीन कास्टेक्स ने मंगलवार को संसद में बताया कि देश संक्रमण की तीसरी लहर झेल रहा है। यहां नए मामलों की साप्ताहिक औसत 25,000 से ऊपर है, जो पिछले साल नवंबर के बाद सर्वाधिक है। बता दें कि कोरोना महामारी के प्रकोप के चलते कई देश मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।

कोरोना वायरस

मंगलवार को मिले लगभग 30,000 नए मरीज

फ्रांस में मंगलवार को 29,975 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई, जो पिछले मंगलवार की तुलना में 4.5 प्रतिशत अधिक है। संक्रमितों की संख्या में तेज इजाफे के चलते यहां की स्वास्थ्य व्यवस्था पर बुरा असर पड़ रहा है। पिछले हफ्ते आई खबर के अनुसार, पेरिस में ICU में भर्ती गंभीर कोरोना मरीजों की संख्या पिछले तीन महीने में सबसे अधिक हो गई थी। जानकारों का मानना है कि केवल लॉकडाउन के जरिये स्थिति सुधारी जा सकती है।

फ्रांस

स्वास्थ्य सेवाओं पर बढ़ रहा बोझ

फ्रांस के स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, देश में गंभीर रूप से कोरोना संक्रमित 4,239 मरीज इनटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में भर्ती हैं। बीते चार महीनों में यह सबसे बड़ी संख्या है। इसके अलावा संक्रमण के कारण 25,492 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जो 24 फरवरी के बाद सबसे ज्यादा है। संक्रमितों की बढ़ती संख्या और स्वास्थ्य सेवाओं पर बोझ के बावजूद सरकार यहां लॉकडाउन पर विचार नहीं कर रही है।

कोरोना महामारी

वैक्सीनेशन से उम्मीद, लेकिन लगा झटका

राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को उम्मीद है कि वैक्सीनेशन के सहारे महामारी की इस लहर को नियंत्रित किया जा सकता है और ऐसे में लॉकडाउन लागू करने की जरूरत भी नहीं होगी, लेकिन उनकी इस उम्मीद को झटका लगा है। दरअसल, लाभार्थियों के खून में थक्के जमने की समस्या सामने आने के बाद कई अन्य यूरोपीय देशों के साथ-साथ फ्रांस ने भी एस्ट्राजेनेका की कोरोना वैक्सीन के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है। इससे वैक्सीनेशन पर असर पड़ना तय है।

डाटा

वैक्सीनेशन में पिछड़ रहा फ्रांस

अन्य यूरोपीय देशों की तरह फ्रांस भी वैक्सीनेशन में अमेरिका और इंग्लैंड से पिछड़ रहा है। फ्रांस में अभी तक प्रति 1,000 लोगों में से केवल 116 को वैक्सीन की खुराक दी गई है, जबकि अमेरिका में यह संख्या 333 और इंग्लैंड में 396 है।

कोरोना वायरस

फ्रांस और दुनियाभर में क्या है महामारी की स्थिति?

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के अनुसार, फ्रांस में अब तक 41.68 लाख लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें से 91,324 मरीजों की मौत हुई है। फ्रांस संक्रमितों के लिहाज से दुनिया का छठा और मृतकों की संख्या के मामले में आठवां सबसे अधिक प्रभावित देश है। वहीं अगर पूरी दुनिया की बात करें तो 12.06 करोड़ लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं, जिनमें से 26.70 लाख को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है।