सिंगापुर, पेरिस और हांगकांग बनी दुनिया की सबसे महंगी सिटी, भारत के ये शहर सबसे सस्ते

दुनिया के सबसे महंगे शहरों का खुलासा हो गया है। लगातार पांच सालों से दुनिया का सबसे महंगा शहर बना सिंगापुर इस साल भी अपने स्थान पर कायम है। हालांकि, सिंगापुर के साथ-साथ इस बार पेरिस और हांगकांग भी संयुक्त रूप से पहले स्थान पर रहे हैं। पेरिस पिछले साल इस सूची में दूसरे नंबर पर था। सबसे महंगे शहर का चुनाव करने वाले सर्वे में दुनियाभर के 133 शहरों की रोजमर्रा के खर्चों की तुलना की जाती है।
इकॉनोमिस्ट इंटेलीजेंस यूनिट की इस सूची में पहले स्थान पर तीन शहर सिंगापुर, पेरिस और हांगकांग रहे। चौथे स्थान पर स्विट्जलैंड का ज्यूरिख, पांचवे स्थान पर स्विट्जरलैंड का ही जेनेवा और जापान का ओसाका शहर रहा। सातवें स्थान पर संयुक्त रूप से दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल, डेनमार्क का शहर कोपनहेगन, अमेरिकी शहर न्यूयॉर्क और दसवें स्थान पर संयुक्त रूप से इजरायली शहर तेल अवीव और अमेरिकी शहर लॉस एंजिल्स रहा।
इस सर्वे का मकसद कंपनियों को दुनियाभर के शहरों के रहने के खर्चे के हिसाब से अपने भत्ते और बिजनेस के सिलसिले में सफर करने वाले लोगों को पैकेज निर्धारित करने में मदद करना है। पहले स्थान पर मौजूद तीन शहर न्यूयॉर्क से 7 फीसदी ज्यादा महंगे हैं। सर्वे में न्यूयॉर्क को मानक शहर माना गया है और उसके खर्च के हिसाब से शहरों का आकलन किया जाता है। इसमें 93 देशों के 160 उत्पादों की तुलना की गई है।
सबसे सस्ते शहरों में वेनेजुएला का कराकस (Caracas) पहले स्थान पर है। दूसरे स्थान पर सीरिया का दमिश्क, तीसरे स्थान पर उजबेकिस्तान का ताशकंद, कजाकिस्तान का अलमाटी चौथे और भारत का बेंगलुरू पांचवे स्थान पर है। सूची में छठे स्थान पर संयुक्त रूप से पाकिस्तान का कराची और नाइजीरिया का लागोस सातवें स्थान पर अर्जेंटिना का ब्यूनसऐयर्स, आठवें स्थान पर भारत की राजधानी नई दिल्ली है।