
क्या है शर्मिष्ठा पनोली का मामला, अब शिकायतकर्ता वजाहत खान के ही पीछे क्यों पड़ी पुलिस?
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल के कोलकाता में 22 वर्षीय सोशल मीडिया इनफ्लूएंसर शर्मिष्ठा पनोली के खिलाफ शिकायत कर उसे जेल भेजने वाले शिकायतकर्ता वजाहत खान लापता हैं।
उनके पिता ने दावा किया कि पनोली की गिरफ्तारी के बाद खान को धमकियां मिल रही हैं और वह गायब हैं।
वजाहत के खिलाफ 3 राज्यों में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के मामले में शिकायत दर्ज है, जिसके बाद उसे बंगाल, दिल्ली और असम की पुलिस ढूंढ रही है।
आइए, जानते हैं पूरा मामला।
पहचान
कौन है शर्मिष्ठा पनोली और वजाहत खान?
शर्मिष्ठा कोलकाता के आनंदपुर क्षेत्र में रहती हैं और महाराष्ट्र में पुणे के सिम्बायोसिस इंटरनेशनल विश्वविद्यालय में कानून की छात्रा हैं।
उनके इंस्टाग्राम और एक्स पर हजारों फॉलोवर्स हैं। वह सोशल मीडिया पर तमाम मुद्दों पर अपनी राय देती रहती हैं। उनके खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और सांप्रदायिक वैमनस्य फैलाने की 3 FIR दर्ज है।
वहीं, वजाहत कादरी रशीदी कोलकाता में रशीदी फाउंडेशन के सह-संस्थापक और महासचिव हैं। उनके खिलाफ भी इसी मामले में FIR दर्ज है।
विवाद
क्या है मामला?
शर्मिष्ठा ने पिछले महीने मई में भारत-पाकिस्तान तनाव के समय बॉलीवुड की कुछ प्रमुख हस्तियों खासकर सलमान खान, शाहरूख खान और आमिर खान की चुप्पी पर सवाल उठाया था।
उन्होंने वीडियो में धर्म विशेष के खिलाफ अनुचित टिप्पणी की और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। वीडियो सामने आने के बाद शर्मिष्ठा विवादों से घिर गईं और उनकी काफी आलोचना हुई।
उनको जान से मारने की धमकियां मिलने लगी और ट्रोल किया गया। हालांकि, उन्होंने वीडियो हटाकर माफी मांग ली थी।
प्राथमिकी
वजाहत खान ने दर्ज कराई FIR
इसके बाद 15 मई को कोलकाता के गॉर्डन रीच थाने में वजाहत ने शर्मिष्ठा के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को आहत करने और सांप्रदायिक वैमनस्य फैलाने समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया।
पुलिस ने शर्मिष्ठा और उनके परिवार को नोटिस और वारंट भेजा। इसके बाद 30 मई को कोलकाता पुलिस ने शर्मिष्ठा को हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया।
शर्मिष्ठा को अलीपुर कोर्ट लाया गया, जहां से 13 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
जांच
वजाहत उल्टा जांच में कैसे फंसे?
शर्मिष्ठा की गिरफ्तारी के बाद मामला तब पेचीदा हो गया, जब कोलकाता और असम में वजाहत के खिलाफ FIR दर्ज की गई।
उनपर आरोप लगा कि उन्होंने सोशल मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं, मां कामाख्या और भगवान श्रीकृष्ण के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां की।
बंगाल भाजपा नेता तरुणज्योति तिवारी, सुबोध दास और श्रीराम स्वाभिमान परिषद धर्मार्थ ट्रस्ट ने उनके खिलाफ गॉडर्न रीच थाने में FIR दर्ज कराई।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बंगाल सरकार से गिरफ्तारी में सहयोग मांगा है।
लापता
वजाहत खान लापता
वजाहत को पुलिस ढूंढ रही है और इस बीच उनके पिता सआदत खान का कहना है कि वजाहत को धमकी भरे फोन आ रहे हैं और वह घर से लापता है।
उनके पिता का कहना है कि वजाहत धर्मनिरपेक्ष है, वह किसी धर्म का अपमान नहीं कर सकता है, उसका सोशल मीडिया हैक हो सकता है।
बताया जा रहा है कि वजाहत के खिलाफ 27 FIR दर्ज है और उसे पकड़ने के लिए पुलिस पर दबाव है।
जानकारी
हाई प्रोफाइल बना मुद्दा
यह मुद्दा अब हाई प्रोफाइल बन गया है। मामले में भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत, आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण, बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी और कई संगठनों ने शर्मिष्ठा के समर्थन में बयान दिया है।