LOADING...
यूक्रेन युद्ध: रूस के हाथ से निकला प्रमुख यूक्रेनी शहर, साबित हो सकता है टर्निंग पॉइंट
यूक्रेन युद्ध में रूस को बड़ा झटका लगा है

यूक्रेन युद्ध: रूस के हाथ से निकला प्रमुख यूक्रेनी शहर, साबित हो सकता है टर्निंग पॉइंट

Sep 11, 2022
08:22 pm

क्या है खबर?

रूस को यूक्रेन युद्ध में एक बड़ा झटका लगा है। खारकीव प्रांत का रणनीतिक तौर पर बेहद महत्वपूर्ण इजियम शहर उसके हाथ से निकल गया है और यूक्रेनी सेना के जवाबी हमले के बाद उसके सैनिक यहां से मैदान छोड़कर भाग गए हैं। हालांकि रूस ने सैनिकों को वापस बुलाने और उन्हें दोनेत्स्क भेजने की बात कही है। विशेषज्ञों का मानना है कि रूस की ये हार छह महीने से चल रहे युद्ध में टर्निंग पॉइंट साबित हो सकती है।

महत्व

क्यों महत्वपूर्ण है इजियम शहर?

रूस ने यूक्रेन पर हमला करने के कुछ दिन के अंदर ही उत्तर-पूर्वी यूक्रेन में स्थित इजियम शहर पर कब्जा कर लिया था और वह डोनबास इलाके में चल रहे भीषण युद्ध के लिए अड्डे के तौर पर इसका इस्तेमाल कर रहा था। डोनबास इलाके के लिए हथियार और अन्य रसद यहीं से भेजी जाती थी। रूसी सैनिक इलाके में गोला-बारूद और अन्य सामानों का बड़ा भंडार छोड़कर भागे हैं, जो अब यूक्रेनी सैनिकों के काम आएगा।

जानकारी

डोनबास में लड़ रहे रूसी सैनिकों की सप्लाई पूरी तरह कटी

यूक्रेन ने कुछ घंटे पहले पास में ही स्थित कुपियांस्क रेलवे जंक्शन पर भी कब्जा कर लिया था, जिससे अब डोनबास में लड़ रहे रूस के सैनिकों की सप्लाई पूरी तरह कट गई है। इसी कारण इसे युद्ध का टर्निंग पॉइंट माना जा रहा है।

Advertisement

बयान

यूक्रेनी राष्ट्रपति और अधिकारियों ने साधा रूसी सेना पर निशाना

यूक्रेनी अधिकारियों ने अभी तक इजियम पर कब्जे की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की के चीफ ऑफ स्टाफ एंड्री यरमाक ने शहर के बाहरी इलाके में खड़े यूक्रेनी सैनिकों की तस्वीर जारी की है। उन्होंने कहा कि रूसी सेना दुनिया की सबसे तेज सेना बन रही है। वहीं जेलेंस्की ने शनिवार शाम को कहा, "रूसी सेना इस समय अपनी सबसे अच्छी क्षमता का प्रदर्शन कर रही है, जो पीठ दिखाना है।"

Advertisement

जवाबी हमला

जवाबी हमले में 2,000 वर्ग मीटर से अधिक जगह को मुक्त करा चुका है यूक्रेन

बता दें कि पिछले महीने के अंत में यूक्रेनी सेना ने रूस पर जवाबी हमला शुरू किया था और अब तक वह 2,000 वर्ग मीटर को रूसी सेना के कब्जे से छुड़ा चुकी है। इनमें दर्जनों शहर और गांव शामिल हैं और यूक्रेनी सेना रोजाना कई दर्जन किलोमीटर आगे बढ़ रही है। कुछ दिन पहले ही उसने बालकलिया इलाके को रूस के कब्जे से छुड़ाया था। इलाकों को मुक्त कराने के बाद निवासियों की जांच की जा रही है।

यूक्रेन युद्ध

यूक्रेन युद्ध में अब तक क्या-क्या हुआ है?

रूस ने 24 फरवरी को यूक्रेन पर हमला किया था और तभी से दोनों देशों में युद्ध जारी है। रूस ने शुरूआत में यूक्रेन की राजधानी कीव पर कब्जा करने की कोशिश की थी, लेकिन इसमें नाकाम रहने के बाद उसने पूर्वी यूक्रेन स्थित डोनबास के दोनेत्स्क और लुगांस्क इलाकों पर अपना ध्यान केंद्रित किया है। युद्ध में दोनों तरफ के हजारों सैनिक मरे हैं और यूक्रेन के लगभग 60 लाख लोगों को अपने घरों से विस्थापित होना पड़ा है।

Advertisement