Page Loader
टी-20 विश्व कप में कप्तानी कर सकते हैं रोहित शर्मा? जानिए कैसे हैं उनके आंकड़े 
रोहित शर्मा एक बार फिर टी-20 में भारतीय टीम के कप्तान हो सकते हैं (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टी-20 विश्व कप में कप्तानी कर सकते हैं रोहित शर्मा? जानिए कैसे हैं उनके आंकड़े 

Dec 01, 2023
03:23 pm

क्या है खबर?

साल 2024 में टी-20 क्रिकेट का विश्व कप खेला जाना है। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए रोहित शर्मा को आराम दिया गया है। ऐसा माना जा रहा है कि टी-20 विश्व कप में रोहित ही भारतीय टीम का नेतृत्व करेंगे। इस खिलाड़ी ने अपना आखिरी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 10 नवंबर 2022 को इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। ऐसे में आइए कप्तान के रूप में उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

खबर

रोहीत ही होंगे कप्तान- रिपोर्ट्स

कई मीडिया रिपोर्ट्स ने ये दावा किया है कि रोहित का टी-20 विश्व कप में कप्तान बनना तय है। साथ ही टीम के उपकप्तान हार्दिक पांड्या होंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के एक अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर कहा, "BCCI चाहती है कि रोहित ही विश्व कप में टीम की कप्तानी करें। वह अभी छुट्टियों के कारण इंग्लैंड में हैं और थोड़ा आराम चाहते हैं। अगर वह BCCI की पेशकश को हां करते हैं तो वही कप्तानी करेंगे।"

कप्तान

कप्तान के तौर पर रोहित के आंकड़े 

रोहित ने कप्तान के तौर पर पहला मुकाबला साल 2017 में खेला था। उन्होंने भारत के लिए 51 टी-20 मैचों में कप्तानी की है। इस दौरान टीम को 39 मैच में जीत मिली है और 12 मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। रोहित की कप्तानी में जीत प्रतिशत 76.47 का रहा है। उन्होंने आखिरी बार साल 2022 के विश्व कप में कप्तानी की थी। उसके बाद टी-20 टीम की कमान हार्दिक पांड्या संभाल रहे हैं।

बल्लेबाजी

कप्तान के तौर पर बल्लेबाजी में कैसे हैं रोहित के आंकड़े?

भारत की कप्तानी करते हुए रोहित ने टी-20 क्रिकेट की 51 पारियों में 4 बार नाबाद रहते हुए 1,527 रन बनाए हैं। उनकी औसत 32.48 का रही है। उन्होंने इस दौरान 147.39 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। उनके बल्ले से 2 शतक और 10 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 118 रन रहा है। एक खिलाड़ी के रूप में रोहित ने 97 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं और 30.60 की औसत से 2,326 रन बनाए हैं।

IPL

IPL में कप्तान के तौर पर कैसे हैं रोहित के आंकड़े?

कप्तान के तौर पर रोहित ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में पहला मुकाबला साल 2013 में खेला था। उन्होंने 158 मैच में कप्तानी की है और 3,986 रन बनाए हैं। इस दौरान MI को 87 मैच में जीत और 67 मुकाबलों में हार मिली है। 4 मैच टाई रहे हैं। उनका जीत प्रतिशत 55.06 का है। वह महेंद्र सिंह धोनी के बाद IPL इतिहास के दूसरे सबसे सफल कप्तान हैं। रोहित ने MI को 5 बार चैंपियन भी बनाया है।

करियर

रोहित के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर पर एक नजर 

रोहित ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच साल 2007 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 148 मुकाबले खेले हैं। इसकी 140 पारियों में उन्होंने 31.32 की औसत से 3,853 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 139.24 की रही है। उन्होंने 4 शतक और 29 अर्धशतक लगाए हैं। रोहित का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 118 रन रहा है। वह 17 बार टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नाबाद भी रहे हैं।