Page Loader
IPL 2024: कप्तान के तौर पर कैसे हैं रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या के आंकड़े?
रोहित शर्मा के बाद हार्दिक पांड्या मुंबई के कप्तान बन सकते हैं (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024: कप्तान के तौर पर कैसे हैं रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या के आंकड़े?

Nov 28, 2023
11:09 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 से पहले मुंबई इंडियंस (MI) की फ्रेंचाइजी ने एक बड़ा ट्रेड किया है। हार्दिक पांड्या अब एक बार फिर अपनी पुरानी टीम MI के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। ऐसे में माना जा रहा है कि रोहित शर्मा के बाद वह टीम के कप्तान भी बन सकते हैं। हार्दिक गुजरात टाइटंस (GT) को एक बार ट्रॉफी भी दिला चुके हैं। ऐसे में आइए कप्तान के तौर पर दोनों के आंकड़े कैसे हैं, जान लेते हैं।

आंकड़े

कप्तान के तौर पर कैसा रहा है रोहित का प्रदर्शन?

कप्तान के तौर पर रोहित ने IPL में पहला मुकाबला 2013 में खेला था। उन्होंने अब तक 158 मैच में कप्तानी की है और 3,986 रन बनाए हैं। इस दौरान MI को 87 मैच में जीत और 67 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। 4 मैच टाई रहे। रोहित का जीत प्रतिशत 55.06 का है। वह महेंद्र सिंह धोनी के बाद IPL इतिहास के दूसरे सबसे सफल कप्तान हैं। रोहित ने MI को 5 बार चैंपियन भी बनाया है।

प्रदर्शन

कप्तान के तौर पर कैसा रहा है हार्दिक का प्रदर्शन?

हार्दिक ने IPL में पहली बार साल 2022 में कप्तानी की थी। वह 31 मुकाबलों में GT के कप्तान रहे और 22 मैच में टीम को जीत मिली। सिर्फ 9 मुकाबलों में GT को हार का सामना करना पड़ा। उनका जीत प्रतिशत 70.96 का रहा है। हार्दिक ने पहले सीजन में ही GT को चैंपियन बना दिया था। 2023 में भी GT ने अच्छा प्रदर्शन किया और फाइनल तक पहुंचे, जहां चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ उन्हें हार मिली थी।

रन

कैसा रहा है रोहित का IPL करियर?

रोहित IPL के दिग्गज खिलाड़ियों में शुमार हैं। उन्होंने अब तक 243 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 29.58 की औसत और 130.05 की स्ट्राइक रेट से 6,211 रन बनाए हैं। वाद इस टूर्नामेंट में चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने इस लीग में 42 अर्धशतक और 1 शतक लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 109 रन रहा है। MI के 5 खिताबों से अलग उन्होंने 2009 में डेक्कन चार्जर्स के लिए भी IPL ट्रॉफी जीती थी।

कप्तान

MI के लिए कैसा रहा हार्दिक का प्रदर्शन? 

हार्दिक ने टी-20 क्रिकेट की इस लीग में साल 2015 में MI के लिए डेब्यू किया था। उन्होंने 7 सीजन तक इस टीम का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें 92 मैचों में 27.33 की औसत और 153.91 की स्ट्राइक रेट से 1,476 रन बनाए। गेंदबाजी में उन्होंने 31.26 की औसत के साथ 42 विकेट लिए। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 20 रन देते हुए 3 विकेट लेना रहा। हार्दिक ने इस टीम के साथ 4 IPL ट्रॉफी भी जीती हैं।

ओवरऑल

हार्दिक का IPL में प्रदर्शन 

हार्दिक ने अब तक 123 IPL मैच खेले हैं। इसकी 115 पारियों में उन्होंने 30.38 की औसत से 2,309 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 145.86 की रही है। उन्होंने इस दौरान 10 अर्धशतक लगाए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 91 रन रहा है। गेंदबाजी में इस खिलाड़ी ने 33.26 की औसत और 8.8 की इकॉनमी रेट से 53 विकेट झटके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 17 रन देते हुए 3 विकेट लेना रहा है।