Page Loader
तीसरा टी-20: ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी गेंद पर भारत को हराया, मैक्सवेल ने जड़ा शतक
रोचक रहा तीसरा टी-20 (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

तीसरा टी-20: ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी गेंद पर भारत को हराया, मैक्सवेल ने जड़ा शतक

Nov 28, 2023
10:49 pm

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने तीसरे टी-20 मैच में भारतीय क्रिकेट टीम को 5 विकेट से हराकर खुद को सीरीज में जीवित रखा है। बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में भारत ने पहले खेलते हुए रुतुराज गायकवाड़ के शतक (123*) की बदौलत 3 विकेट के नुकसान पर 222 रन बनाए। जवाब में मेहमान टीम ने ग्लेन मैक्सवेल के शतक (104*) की मदद से आखिरी गेंद पर लक्ष्य हासिल किया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

ऐसा रहा रोचक मुकाबला 

टॉस हारकर पहले खेलते हुए भारत ने 24 रन तक यशस्वी जायसवाल (6) और ईशान किशन (0) के विकेट खो दिए। खराब शुरुआत के बाद सूर्यकुमार यादव (39) और गायकवाड़ ने पारी को संभाला। इसके बाद गायकवाड़ ने शतक लगाया और तिलक वर्मा (31*) के साथ मिलकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में लगातार गिर रहे विकेटों के बीच ट्रेविस हेड (35) ने अच्छी पारी खेली। अंत में मैक्सवेल ने 104 रन की पारी खेलकर जीत दिलाई।

कृष्णा

प्रसिद्ध कृष्णा ने बनाया ये अनचाहा रिकॉर्ड

आखिरी ओवर में जीत के लिए 21 रनों की दरकार थी, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा इस स्कोर का बचाव नहीं कर सके। कृष्णा ने 4 ओवर में 17 की इकॉनमी से 68 रन दिए। इसके साथ ही वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक रन लुटाने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। भारतीय गेंदबाजों की सूची में दूसरे नंबर पर युजवेंद्र चहल हैं। चहल ने 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 4 ओवर में 64 रन खर्च किए थे।

गायकवाड़

गायकवाड़ ने लगाया अपना पहला शतक

शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी कर रहे गायकवाड़ ने क्रीज पर टिक जाने के बाद उन्होंने अपनी रन गति में इजाफा किया। इसके बाद उन्होंने तिलक के साथ चौथे विकेट के लिए 59 गेंदों में 151 रन की अटूट साझेदारी की। उन्होंने 57 गेंदों में नाबाद 123 रन बनाए, जिसमें 13 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। दिलचस्प रूप से गायकवाड़ ने अपनी शुरुआती 21 गेंदों में 21 रन बनाए थे और अगली 36 गेंदों में 102 रन जोड़ डाले।

क्लब

इस एलीट क्लब में शामिल हुए गायकवाड़

गायकवाड़ अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 क्रिकेट में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इसके साथ-साथ गायकवाड़ अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत की ओर से शतक लगाने वाले 9वें बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले सुरेश रैना (1), रोहित शर्मा (4), केएल राहुल (2), दीपक हुडा (1), सूर्यकुमार (3), विराट कोहली (1), शुभमन गिल (1) और यशस्वी (1) इस प्रारूप में शतक लगा चुके हैं।

रिकॉर्ड्स

गायकवाड़ ने बनाए ये अन्य रिकॉर्ड्स 

गायकवाड़ अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत की ओर से दूसरे सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे बड़ा स्कोर सिर्फ गिल (126* बनाम न्यूजीलैंड, 2023) ने बनाया है। गायकवाड़ ने पारी का आखिरी ओवर फेंकने आए मैक्सवेल की जमकर पिटाई की। उन्होंने उस ओवर में से 27 रन बटोरे, जिसमें 3 छक्के भी शामिल थे। वह युवराज सिंह (36 बनाम स्टुअर्ट ब्रॉड, 2007) के बाद 1 ओवर में सर्वाधिक रन बटोरने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।

मैक्सवेल

मैक्सवेल ने लगाया शतक

विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए जब ऑस्ट्रेलिया ने 66 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब मैक्सवेल क्रीज पर पर आए। उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली। लगातार गिर रहे विकेटों के बावजूद उन्होंने तेजी से बल्लेबाजी की और 47 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 48 गेंदों में नाबाद 104 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और इतने ही छक्के भी शामिल थे।

मैक्सवेल

मैक्सवेल ने रोहित के रिकॉर्ड की बराबरी की

मैक्सवेल अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय में रोहित शर्मा के साथ संयुक्त रूप से सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। बता दें कि रोहित ने 148 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 4 शतक लगाए हुए हैं। मैक्सवेल ने पाकिस्तान के बाबर आजम, न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो, चेक रिपब्लिक के सबावून डेविसी और भारत के सूर्यकुमार को पीछा छोड़ा। इन बल्लेबाजों ने 3-3 शतक लगाए हुए हैं। मैक्सवेल के बाद आरोन फिंच (2) दूसरे सर्वाधिक शतक वाले ऑस्ट्रेलियाई हैं।

मैक्सवेल

मैक्सवेल ने गेंदबाजी में बनाया ये अनचाहा रिकॉर्ड 

भारतीय पारी का आखिरी ओवर करने आए मैक्सवेल को गायकवाड़ ने आड़े हाथों लिया। इस ओवर में मैक्सवेल ने 30 रन लुटा दिए। मैक्सवेल टी-20 अंतरराष्ट्रीय के 1 ओवर में सर्वाधिक रन लुटाने वाले ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज बने हैं। टी-20 अंतरराष्ट्रीय के 1 ओवर में सर्वाधिक रन लुटाने वाले ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की सूची में दूसरे नंबर पर ब्रेट ली हैं। पूर्व तेज गेंदबाज ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2009 में 1 ओवर में 27 रन खर्च किए थे।

जानकारी

एरोन हार्डी ने लुटाए 64 रन

एरोन हार्डी ने अपने 4 ओवर में 1 विकेट लेकर 64 रन लुटाए। वह अब ऑस्ट्रेलिया से 1 मैच में संयुक्त रूप से सर्वाधिक रन लुटाने वाले गेंदबाज बने हैं। उन्होंने एंड्रयू टाई (2/64 बनाम न्यूजीलैंड, 2018) की बराबरी की है।

ऑस्ट्रेलिया

ऑस्ट्रेलिया ने दर्ज की रिकॉर्ड जीत

इस जीत के साथ ही भारत के खिलाफ सबसे बड़े लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया ने अपने नाम किया है। इससे पहले ये रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के नाम दर्ज था। प्रोटियाज टीम ने 2022 में भारत के खिलाफ 212 रन के लक्ष्य को हासिल किया था। बता दें कि टी-20 अंतरराष्ट्रीय में ऑस्ट्रेलिया ने भारत के विरुद्ध दूसरी बार 200 से अधिक रनों के लक्ष्य को हासिल किया है।