Page Loader
भारत बनाम न्यूजीलैंड: रोहित के विश्व कप में 1,500 रन पूरे, ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय
बल्लेबाजों का काम आसान कर रहे रोहित शर्मा (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

भारत बनाम न्यूजीलैंड: रोहित के विश्व कप में 1,500 रन पूरे, ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय

Nov 15, 2023
03:11 pm

क्या है खबर?

वनडे विश्व कप 2023 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में बुधवार को भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा (47) ने एक खास उपलब्धि पर कब्जा जमाया। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ मुकाबले में 19 रन बनाते ही उनके विश्व कप में 1,500 रन पूरे हो गए। वह इस कीर्तिमान को बनाने वाले तीसरे भारतीय हैं। उन्होंने 27वें वनडे की 27वीं पारी में इस उपलब्धि को हासिल किया। मौजूदा विश्व कप में रोहित का बल्ला आग उगल रहा है।

प्रदर्शन

सचिन-विराट के क्लब में शामिल हुए

विश्व कप में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड दिग्गज भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के नाम है। उन्होंने 45 मैच में 2,278 रन बनाए थे। इस सूची में दूसरे नंबर पर रिकी पोंटिंग हैं। ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ने 46 विश्व कप मैच की 42 पारियों में 1,743 रन बनाए थे। इसके अलावा तीसरे पर विराट कोहली, चौथे पर कुमार संगाकारा हैं। विराट आज से पहले तक 35 मुकाबलों में 1,624 रन बना चुके हैं। साथ ही संगाकारा ने 1,532 रन बनाए।

आंकड़े

वनडे में रोहित का प्रदर्शन

आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 23 जून, 2007 को अपने वनडे करियर की शुरूआत करने वाले रोहित ने अब तक 261 वनडे खेले हैं। इस दौरान 253 पारियों में उन्होंने 49.13 की औसत और 91.81 की स्ट्राइक रेट से 10,662 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 55 अर्धशतक के साथ ही 31 शतक भी लगाए हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वाधिक स्कोर 264 रन है। वह वनडे में 3 दोहरे शतक भी लगा चुके हैं।