Page Loader
IPL 2025 में राजस्थान रॉयल्स का सफर हुआ समाप्त, आंकड़ों से जानिए प्रदर्शन 
राजस्थान का प्रदर्शन इस संस्करण कुछ खास नहीं रहा (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025 में राजस्थान रॉयल्स का सफर हुआ समाप्त, आंकड़ों से जानिए प्रदर्शन 

May 21, 2025
11:31 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में राजस्थान रॉयल्स (RR) का सफर समाप्त हो चुका है। संजू सैमसन की कप्तानी वाली RR को अपने आखिरी मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ 6 विकेट से जीत मिली। टीम प्लेऑफ में भी नहीं पहुंच पाई और इसके साथ ही RR का साल 2008 के बाद दूसरा IPL खिताब जीतने का सपना एक बार फिर से टूट गया। इस बीच RR के मौजूदा संस्करण के सफर पर एक नजर डाल लेते हैं।

स्थान

टीम ने जीते सिर्फ 4 मुकाबले 

इस संस्करण RR का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। कई मुकाबलों में सैमसन के चोटिल होने के कारण रियान पराग कप्तानी करते हुए नजर आए। लीग स्टेज में RR ने सिर्फ 4 मैच जीते और उन्हें 10 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। सैमसन और पराग के नेतृत्व में टीम ने सिर्फ 8 अंक (-0.549) के साथ IPL 2025 का संस्करण समाप्त किया। IPL 2024 में ये टीम तीसरे स्थान पर रहते हुए प्लेऑफ में पहुंची थी।

सफर

ऐसा रहा RR का सफर 

RR को चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ दोनों मुकाबलों में जीत मिली। इसके अलावा उसने पंजाब किंग्स (PBKS) और गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ 2-2 मुकाबले खेले। 1-1 मैच में उसे जीत और 1-1 में हार का सामना करना पड़ा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) 2 मैच, कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) 2 मैच, सनराइजर्स हैदराबाद (SRH), लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG), मुंबई इंडियंस (MI) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ RR की टीम को एक भी जीत नहीं मिल पाई।

रन

यशस्वी जायसवाल ने बनाए सबसे ज्यादा रन 

RR के लिए यशस्वी जायसवाल ने IPL 2025 में सबसे ज्यादा रन बनाए। उनके बल्ले से 14 मैच की 14 पारियों में 43 की औसत और 159.71 की स्ट्राइक रेट से 559 रन निकले। यशस्वी ने 6 अर्धशतक जड़े और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 75 रन रहा। रियान पराग ने 14 मैच में 32.75 की औसत और 166.52 की स्ट्राइक रेट से 393 रन बनाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 95 रन रहा और उनके बल्ले से 1 अर्धशतक निकला।

विकेट

इन गेंदबाजों ने चटकाए सबसे ज्यादा विकेट 

वनिंदु हसरंगा, महेश तीक्षाना और जोफ्रा आर्चर ने RR के लिए संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लिए। इन सभी गेंदबाजों ने 11-11 विकेट अपने नाम किए। हसरंगा ने 33.72 की औसत और 9.04 की इकॉनमी रेट से ये विकेट लिए। तीक्षाना ने 37.27 की औसत और 9.76 की इकॉनमी से ये विकेट झटके। आर्चर ने ये 11 विकेट 39.18 की औसत और 9.47 की इकॉनमी से अपने नाम किए।