
IPL 2025: RR बनाम MI मुकाबले की पिच रिपोर्ट, जानिए सवाई मानसिंह स्टेडियम के आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का 50वां मैच राजस्थान रॉयल्स (RR) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच 1 मई को होगा। मौजूदा सीजन दोनों टीमों के प्रदर्शन में काफी अंतर है।
MI ने 6 मैच और RR ने 3 मैच अपने नाम किए हैं। अंक तालिका में MI दूसरे और RR 8वें स्थान पर मौजूद है। ये दोनों टीमें जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आमने-सामने होंगी।
इस मैदान की पिच रिपोर्ट और अन्य आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
पिच
ऐसा होगा पिच का मिजाज
सवाई मानसिंह स्टेडियम की पिच काली मिट्टी से बनी है, जो आमतौर पर बल्लेबाज और गेंदबाजों दोनों को मदद करती है।
इस संस्करण में यहां चौथा मुकाबला होगा। यहां पिछले कुछ मैचों में टीमों ने बड़े स्कोर बनाए हैं।
मैच के शुरुआती ओवरों से तेज गेंदबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है। चूंकि, मैदान की बाउंड्री बड़ी है, इसलिए बल्लेबाजों को रन बनाना चुनौतीपूर्ण होगा। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम बोर्ड पर बड़ा स्कोर लगाने के इरादे से उतरेगी।
जानकारी
ऐसा रहेगा जयपुर का मौसम
एक्यूवेदर के मुताबिक, 1 मई को जयपुर में अच्छी गर्मी होगी। दिन का अधिकतम तापमान 39 डिग्री तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री तक रहने की उम्मीद है। मैच की शुरुआत रात 7:30 बजे होगी। बारिश की कोई उम्मीद नहीं है।
आंकड़े
सवाई मानसिंह स्टेडियम के आंकड़े
इस स्टेडियम में अब तक 60 IPL मैच खेले जा चुके हैं। यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 22 और बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 39 मैच जीते हैं।
यहां पहली पारी का औसत स्कोर 161 रन है। यहां उच्चतम स्कोर SRH (217/6 बनाम RR, 2023) और न्यूनतम RR (59, बनाम RCB, 2023) के नाम दर्ज है।
यहां सबसे बड़ी पारी विराट कोहली (113* बनाम RR, 2024) ने खेली थी।
टीम
सवाई मानसिंह स्टेडियम पर दोनों टीमों के आंकड़े
RR ने अपने घरेलू मैदान सवाई मानसिंह स्टेडियम में 60 मुकाबले खेले हैं, इसमें से 38 मैच में जीत और 22 मुकाबलों में उन्हें हार मिली है। इस मैदान पर RR का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 214 रन रहा है।
दूसरी तरफ MI ने इस मैदान पर अब तक 8 मुकाबले खेले हैं। उसे 6 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। टीम सिर्फ 2 मुकाबला जीत पाई है।
MI का इस मैदान पर सर्वोच्च स्कोर 179 रन का रहा है।
प्रमुख
प्रमुख खिलाड़ियों का एक दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन
रोहित शर्मा ने RR के खिलाफ 28 पारियों में 124.32 की स्ट्राइक रेट से 547 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 73 रन है।
यशस्वी जायसवाल ने MI के खिलाफ 7 पारियों में 175.78 की स्ट्राइक रेट से 283 रन बनाए हैं। इस टीम के खिलाफ उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 124 रन रहा है।
जसप्रीत बुमराह ने RR के खिलाफ 14 पारियों में 20.76 की औसत से 17 विकेट लिए हैं। जोफ्रा आर्चर ने MI के खिलाफ 12 विकेट झटके हैं।