वनडे क्रिकेट: जानिए कब-कब भारतीय टीम ने 1 रन के अंतर से मैच जीते
क्या है खबर?
वनडे अंतरराष्ट्रीय में अब तक 35 ऐसे रोमांचक मुकाबले हुए हैं, जिसमें टीमों को महज 1 रन से जीत मिली है।
50 ओवर की क्रिकेट के इतिहास में साल 1976 में पहली बार न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ 1 रन से मैच जीता था।
इसी क्रम में भारतीय क्रिकेट टीम ने अब तक 4 वनडे मैचों में 1 रन के करीबी अंतर से जीत दर्ज की है। आइए उन मुकाबलों के बारे में जानते हैं।
#1
भारत बनाम न्यूजीलैंड (1990)
भारतीय टीम ने 1990 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 1 रन से मैच जीता था।
वेलिंग्टन में खेले गए उस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 48.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 221 रन बनाए थे।
मेहमान टीम से कपिल देव ने सर्वाधिक 46 रन बनाए थे।
जवाब में कीवी टीम 48.5 ओवर में 220 रन पर ढेर हो गई थी। भारत से मनोज प्रभाकर ने 3 और कपिल देव ने 2 विकेट लिए थे।
#2
भारत बनाम श्रीलंका (1993)
साल 1993 में कोलंबो में खेले गए मैच में भारत ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 212/8 का स्कोर बनाया था। भारत से कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने अर्धशतकीय पारी (53) खेली थी।
उनके अलावा प्रभाकर और नवजोत सिंह सिद्धू ने 39-39 रन बनाए थे।
जवाब में मेजबान टीम 49.2 ओवर 211 रन पर सिमट गई थी। श्रीलंका से चंडिका हाथुरुसिंघे और अरविंदा डी सिल्वा अर्धशतक लगाने के बावजूद जीत नहीं दिला सके थे।
#3
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका (2010)
साल 2010 में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला गया वनडे बेहद रोमांचक रहा था।
जयपुर में हुए उस मैच में भारत ने सुरेश रैना (58), वीरेंदर सहवाग (46) और दिनेश कार्तिक (44) की उम्दा पारियों की मदद से 298/9 का स्कोर बनाया था।
चुनौतीपूर्ण स्कोर का पीछा करते हुए प्रोटियाज टीम जैक्स कैलिस की संघर्षपूर्ण पारी (89) के बावजूद 297 रन ही बना सकी थी। पारी की आखिरी गेंद पर वेन पार्नेल रन आउट हुए थे।
#4
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका (2011)
2011 में जोहानसबर्ग में खेले गए वनडे में भारतीय बल्लेबाजी क्रम लड़खड़ा गया था और पूरी टीम सिर्फ 190 रन पर ही ढेर हो गई थी।
भारत से युवराज सिंह ने सर्वाधिक 53 रन की पारी खेली थी।
जवाब में छोटे से लक्ष्य को मेजबान टीम हासिल करने में नाकाम रही थी। कप्तान ग्रीम स्मिथ ने सर्वाधिक 77 रन बनाए और मेजबान टीम 189 रन पर सिमट गई थी।
भारत से मुनाफ पटेल ने उम्दा गेंदबाजी (4/29) की थी।