Page Loader
शिखर धवन के संन्यास पर रोहित शर्मा की भावुक पोस्ट, जानिए क्या कहकर जताया आभार
रोहित शर्मा ने जताया शिखर धवन का आभार (तस्वीर: एक्स/@ImRo45)

शिखर धवन के संन्यास पर रोहित शर्मा की भावुक पोस्ट, जानिए क्या कहकर जताया आभार

Aug 25, 2024
04:09 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के लिए लंबे समय तक सलामी बल्लेबाजी की भूमिका निभाने वाले बल्लेबाज शिखर धवन ने 24 अगस्त की सुबह अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। उनके इस फैसले ने सबको चौंका दिया। अब धवन के साथ कई वर्षों तक पारी का आगाज करने वाले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने एक भावुक पोस्ट के जरिये इस बाएं हाथ के बल्लेबाज का आभार व्यक्त किया है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या लिखा है।

पोस्ट

रोहित ने धवन को बताया 'द अल्टीमेट जट'

रोहित ने इंस्टाग्राम पर दोनों तस्वीर साझा करते हुए धवन को क्रिकेट के मैदान और बाहर अपने तेजतर्रार व्यक्तित्व के लिए 'द अल्टीमेट जट' कहा है। रोहित अपनी पोस्ट में लिखा, 'कमरा साझा करने से लेकर मैदान पर जीवन भर की यादें साझा करने तक, आपने हमेशा दूसरे छोर से मेरा काम आसान कर दिया। द अल्टीमेट जट।' रोहित की इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर काफी प्यार मिला है और यूजर्स लगातार उस पर कमेंट कर रहे हैं।

उपलब्धि

वनडे में धवन और रोहित की जोड़ी ने किया है कमाल

धवन और रोहित ने पहली बार 2013 ICC चैंपियंस ट्रॉफी में ओपनिंग की थी। उसके बाद दोनों ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। 2013 से 2022 के दौरान दोनों ने कुल 115 बार वनडे में पारी का आगाज किया, जिसमें इन्होंने 5,148 रन बनाए। इस दौरान दोनों के बीच 18 शतकीय और 15 अर्धशतकीय साझेदारी हुई। वनडे में यह चौथी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली ओपनिंग जोड़ी है। दोनों ने 195 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 14,000 से अधिक रन बनाए हैं।