वनडे क्रिकेट के इतिहास में भारत के लिए सबसे तेज 8 शतक जड़ने वाले बल्लेबाज
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के अपने पहले मुकाबले में बांग्लादेश को 6 विकेट से हरा दिया। इस मुकाबले में उपकप्तान शुभमन गिल ने शतकीय पारी खेली।
यह उनके वनडे करियर का 8वां शतक रहा। अब वह भारत के लिए वनडे में सबसे तेज 8 शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
गिल ने 51वीं पारी में यह कारनामा किया है। ऐसे में आइए सबसे तेज 8 शतक जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाजों पर एक नजर डाल लेते हैं।
#1
शुभमन गिल- 51 पारी
गिल ने बांग्लादेश के खिलाफ अपना 8वां वनडे शतक लगाया। इसके अलावा वनडे क्रिकेट में उनका यह लगातार चौथा 50+ का स्कोर था।
उन्होंने 129 गेदों का सामना किया और 101 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके बल्ले से 9 चौके और 2 छक्के निकले।
उन्होंने अब तक 51 वनडे मुकाबले खेले हैं। इसकी 51 पारियों में 62.51 की औसत से 2,688 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 8 शतक के अलावा 15 अर्धशतक भी निकले हैं।
#2
शिखर धवन- 57 पारी
पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 8 वनडे शतक के लिए 57 पारियां लीं थी।
धवन ने साल 2015 के वनडे विश्व कप में आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 85 गेंदों पर 100 रन (11 चौके, 5 छक्के) बनाए थे। यह उनका 8वां शतक था। भारत ने 8 विकेट से मैच जीता था।
उन्होंने 167 वनडे खेले और 44.11 की औसत से 6,793 रन बनाए। उनके बल्ले से 17 शतक और 39 अर्द्धशतक निकले थे।
#3
विराट कोहली- 68 पारी
पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने 68वीं पारी में अपना 8वां वनडे शतक जड़ा था। वह इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं।
कोहली ने 2011 में वेस्टइंडीज के भारत दौरे के दौरान दूसरे वनडे में यह उपलब्धि हासिल की थी। उन्होंने 123 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से 117 रन बनाए थे।
अभी इस स्टार बल्लेबाज के नाम 57.78 की औसत से 13,985 रन है, जिसमें 50 शतक और 73 अर्द्धशतक शामिल हैं।
#4
गौतम गंभीर- 98 पारी
वर्तमान में भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने अपनी 98वीं पारी में 8वां वनडे शतक जड़ा था।
गंभीर ने साल 2010 में न्यूजीलैंड के भारत दौरे के दूसरे वनडे मैच के दौरान यह कारनामा किया था। उन्होंने 116 गेंदों (18 चौकों) में नाबाद 138 रन बनाकर यह उपलब्धि हासिल की थी।
कुल मिलाकर गंभीर ने भारत के लिए 147 वनडे में 39.68 की औसत से 5,238 रन बनाए थे। जिसमें 11 शतक और 34 अर्द्धशतक शामिल थे।