चैंपियंस ट्रॉफी 2025, पाकिस्तान बनाम न्यूजीलैंड: टॉम लैथम ने जड़ा वनडे करियर का 8वां शतक
क्या है खबर?
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पहले मैच में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज टॉम लैथम ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ शानदार शतकीय पारी (118*) खेली है।
यह उनके वनडे करियर का आठवां और पाकिस्तान के खिलाफ पहला शतक है। उन्होंने 95 गेंदों का सामना करते हुए अपना शतक पूरा किया।
साल 2022 के बाद इस खिलाड़ी ने वनडे क्रिकेट में पहला शतक लगाया है। ऐसे में आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
ऐसी रही लैथम की पारी और साझेदारी
लैथम नंबर-5 पर बल्लेबाजी करने उतरे थे। उनके 3 बल्लेबाज सिर्फ 73 रन पर पवेलियन में थे।
यहां से उन्होंने विल यंग (107) के साथ मिलकर पारी संभाली और 126 गेंदों में 118 रन की शानदार साझेदारी निभाई।इसके बाद उन्होंने ग्लेन फिलिप्स (61) के साथ मिलकर सिर्फ 74 गेंदों में 125 रन जोड़ दिए।
उन्होंने 104 गेंदों का सामना किया और 118 रन बनाए। उनके बल्ले से 10 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 113.46 की रही।
पहला
पाकिस्तान के खिलाफ लैथम का पहला शतक
पाकिस्तान के खिलाफ लैथम ने पहला वनडे मुकाबला साल 2014 में खेला था। उन्होंने अब तक इस टीम के खिलाफ 28 वनडे मुकाबले खेले हैं। इसकी 26 पारियों में 4 बार नाबाद रहते हुए 708 रन बनाए हैं।
उनकी औसत 32.18 की रही है। 1 शतक के अलावा पाकिस्तान के खिलाफ लैथम ने 5 अर्धशतक भी लगाए हैं।
लैथम ने अपने वनडे करियर में सबसे ज्यादा (876) रन भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ बनाए हैं।
बल्लेबाज
चैंपियंस ट्रॉफी में शतक लगाने वाले न्यूजीलैंड के 5वें बल्लेबाज
लैथम चैंपियंस ट्रॉफी में शतक लगाने वाले कीवी टीम के 5वें बल्लेबाज हैं।
उनसे पहले यंग (107), नाथन एस्टल (145* बनाम USA क्रिकेट टीम,2004), क्रिस केर्न्स (102* बनाम भारतीय ,2002) और केन विलियमसन (100 बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2017) यह कारनामा कर चुके हैं।
यह चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में सिर्फ 5वां मौका है जब 2 बल्लेबाजों ने एक मैच में शतकीय पारी खेली है। पाकिस्तान के खिलाफ वनडे क्रिकेट में यह चौथा मौका है जब 2 बल्लेबाजों ने शतक लगाया है।
जानकारी
लैथम ने विदेशी सरजमीं पर पूरे किए 2,000 वनडे रन
लैथम ने विदेशी सरजमीं पर 2,000 वनडे रन पूरे कर लिए। उन्होंने 31वां रन बनाते ही यह कारनाम किया। लैथम ने 60 वनडे पारियों में यह उपलब्धि हासिल की है। वह 2,000 रन पूरे करने वाले कीवी टीम के सिर्फ 5वें बल्लेबाज बने हैं।
करियर
लैथम के वनडे करियर पर एक नजर
लैथम ने अपने वनडे करियर का पहला मैच साल 2012 में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 153 मुकाबले खेले हैं। इसकी 140 पारियों में 35 की औसत के साथ 4,271 रन बनाने में सफल रहे हैं।
उनके बल्ले से 8 शतक और 25 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 145* रन है।
साल 2025 में इस खिलाड़ी ने 6 मैच खेले हैं और इसकी 6 पारियों में 34.40 की औसत से 172 रन बनाए हैं।