Page Loader
गूगल क्रोम ब्राउजर को नया अपडेट, मिले फुल-स्क्रीन PDF व्यू और गूगल लेंस जैसे फीचर्स
क्रोम ब्राउजर के लिए नया अपडेट रोलआउट किया गया है।

गूगल क्रोम ब्राउजर को नया अपडेट, मिले फुल-स्क्रीन PDF व्यू और गूगल लेंस जैसे फीचर्स

Aug 08, 2022
08:20 am

क्या है खबर?

सर्च इंजन कंपनी गूगल की ओर से दुनिया के सबसे लोकप्रिय इंटरनेट ब्राउजर गूगल क्रोम के लिए नया अपडेट रोलआउट किया गया है। वर्जन 104.0.5112.81 के साथ यूजर्स को कई फीचर्स दिए गए हैं, जिनसे ब्राउजिंग अनुभव बेहतर होगा। गूगल ने कहा है कि इसमें मिलने वाले फीचर्स के जरिए यूजर्स के लिए इमेज सर्च करना आसान हो जाएगा। साथ ही उन्हें फुल-स्क्रीन मोड में PDF डॉक्यूमेंट्स देखने का विकल्प भी मिलेगा।

अपडेट

फोटोज पर नया 'सर्च विद गूगल लेंस' ऑप्शन

सर्च बार में किसी फोटो से जुड़ा सटीक कीवर्ड लिख पाना और उसे सर्च करना कई बार आसान नहीं होता। यूजर्स को इस परेशानी से बचाने के लिए ब्राउजर ने गूगल लेंस का क्रोम में इंटीग्रेशन कर दिया है। अब किसी इमेज पर क्लिक करने के बाद 'सर्च विद गूगल लेंस' ऑप्शन चुना जा सकेगा। इसके बाद यूजर्स को अलग वर्टिकल सेक्शन में इमेज से जुड़ी जानकारी और मिलते-जुलते रिजल्ट्स दिखाए जाएंगे।

टेक्स्ट सेलेक्शन

फोटो में दिख रहा टेक्स्ट कर सकेंगे ट्रांसलेट

नए अपडेट के बाद गूगल क्रोम यूजर्स ना सिर्फ गूगल लेंस की मदद से इमेज सर्च कर पाएंगे, बल्कि इसके किसी हिस्से में लिखा टेक्स्ट ट्रांसलेट करने का विकल्प भी उन्हें मिलेगा। इसी तरह फोटो में दिखने वाले टेक्स्ट को कॉपी करने का नया फीचर भी ब्राउजर में शामिल किया गया है। नए ऑप्शंस यूजर्स को इमेज के नीचे दिखाए जाएंगे और लेंस फीचर के साथ इमेज का टेक्स्ट कॉपी कर उसे बाद में एडिट किया जा सकता है।

प्रेजेंट

प्रेजेंट फीचर के साथ फुल-स्क्रीन व्यू का इस्तेमाल

क्रोम में एक नया 'प्रेजेंट' फीचर भी शामिल किया गया है, जिसके साथ यूजर्स को किसी डॉक्यूमेंट पर फोकस करने में मदद मिलेगी। इससे पहले तक केवल जूम-इन और जूम-आउट ऑप्शंस मिलते थे। अपडेट के बाद फुल-स्क्रीन मोड में जाकर किसी डॉक्यूमेंट को पढ़ना आसान हो जाएगा। अगले या पिछले पेज पर जाने के लिए यूजर्स 'ऐरो कीज' की मदद ले सकेंगे और 'एस्केप की' फुल-स्क्रीन मोड से बाहर निकलने में मदद करेगी।

अपडेट

लेटेस्ट वर्जन पर ऐसे अपडेट करें ब्राउजर

अगर आपको इंटरनेट ब्राउजर में ये नए फीचर्स नहीं मिल रहे, तो इसे लेटेस्ट वर्जन पर अपडेट करना होगा। दाईं ओर सबसे ऊपर दिखने वाले तीन डॉट्स पर क्लिक करने के बाद आपके 'हेल्प' ऑप्शन में जाकर 'अबाउट गूगल क्रोम' चुनना होगा। इसके बाद ब्राउजर लेटेस्ट वर्जन चेक करेगा और अपने आप इसे डाउनलोड और इंस्टॉल कर लेगा। ब्राउजर रीलॉन्च या रीफ्रेश करने के बाद आप नए फीचर्स इस्तेमाल कर पाएंगे।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

गूगल क्रोम, मोजिला फायरफॉक्स और माइक्रोसॉफ्ट एज जैसे ब्राउजर्स में स्मार्ट अपडेट फीचर मिलता है और ये बैकग्राउंड में अपने आप लेटेस्ट वर्जन पर अपडेट हो जाते हैं। इस तरह यूजर्स को मैन्युअल डाउनलोड और इंस्टॉलेशन की जरूरत नए फीचर्स के लिए नहीं पड़ती।

रिपोर्ट

गूगल ने एक लाख से ज्यादा बुरे कंटेंट पीसेज हटाए

गूगल ने हाल ही में अपनी कंप्लायंस रिपोर्ट पेश की है, जिसके मुताबिक इसने भारत में 1,11,493 बुरे कंटेंट पीसेज हटाए हैं। कंपनी को देशभर के यूजर्स से 32,717 शिकायतें मिली थीं, जिनपर जरूरी कार्रवाई की गई। रिपोर्ट के मुताबिक, IT रूल्स, 2021 के हिसाब से हटाया गया कंटेंट कॉपीराइट उल्लंघन, ट्रेडमार्क, कोर्ट के आदेश, सेक्सुअल कंटेंट और दूसरे मामलों से जुड़ा था। ऑटोमेटेड डिटेक्शन प्रोसेस के जरिए इसने 528,846 अकाउंट भी हटाए हैं।