Page Loader
बेंगलुरू में बनेंगे आईफोन, 300 एकड़ में लगेगा प्लांट; 1 लाख लोगों को मिलेगा रोजगार
कर्नाटक के बेंगलुरु में 300 एकड़ में आईफोन का प्रोडक्शन प्लांट लगाया जाएगा

बेंगलुरू में बनेंगे आईफोन, 300 एकड़ में लगेगा प्लांट; 1 लाख लोगों को मिलेगा रोजगार

लेखन आबिद खान
Mar 03, 2023
05:31 pm

क्या है खबर?

अब कर्नाटक के बेंगलुरू में भी एप्पल के आईफोन का प्रोडक्शन होगा। आईफोन बनाने वाली कंपनी फॉक्सकॉन ने इसके लिए 300 एकड़ में नया प्लांट लगाने की तैयारी कर ली है। 70 करोड़ डॉलर की लागत से बनने जा रहे इस प्लांट से करीब 1 लाख लोगों को रोजगार मिलने का दावा किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर और कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने इस बात की जानकारी दी है।

रोजगार

1 लाख लोगों को रोजगार मिलने का दावा

आईफोन प्रोडक्शन के लिए बेंगलुरू एयरपोर्ट के नजदीक फॉक्सकॉन को 300 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। 70 करोड़ डॉलर की लागत से बनने वाले इस प्लांट से करीब 1 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। कंपनी के 17 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने प्लांट के लिए आवंटित जगह का दौरा किया। फॉक्सकॉन के अध्यक्ष यंग लियू ने कहा, "बेंगलुरु वैश्विक कंपनियों के लिए पसंदीदा स्थान है और निवेश आकर्षित करने में अग्रणी रहा है।"

चीन

चीन पर निर्भरता कम करना चाहती है कंपनी

चीन-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के चलते कई कंपनियां अपने चाइनीज सप्लायर पर दूसरे देशों में प्लांट लगाने का दबाव डाल रही हैं। फॉक्सकॉन के भारत में प्लांट लगाने के फैसले को भी इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। इसकी एक वजह और बताई जा रही है। दरअसल, चीन की सख्त कोविड नीति के कारण पिछले साल आईफोन के प्रोडक्शन पर असर पड़ा था। करीब 60 लाख आईफोन कम बने थे, जिससे कंपनी को खासा नुकसान हुआ।

Foxconn

आईफोन बनाने वाली दूसरी सबसे बड़ी कंपनी है फॉक्सकॉन 

ऐपल अपने आईफोन की मैन्युफेक्चरिंग दूसरी कंपनियों से करवाती है। फॉक्सकॉन आईफोन बनाने वाली दूसरी सबसे बड़ी कंपनी है। पूरी तरह शुरू होने के बाद ये कंपनी का भारत में सबसे बड़ा प्लांट होगा। कंपनी के वियतनाम, चीन, अमेरिका, भारत, जापान और चेक रिपब्लिक में भी प्रोडक्शन प्लांट हैं। फॉक्सकॉन के पास ही चीन के झेंगझू में बड़ा प्लांट है, जिसमें करीब 2 लाख लोग काम करते हैं। पीक सीजन में ये संख्या और बढ़ जाती है।

जानकारी

भारत में तमिलनाडु में पहले से है कंपनी का प्लांट

फॉक्सकॉन ने 2019 में तमिलनाडु में आईफोन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट शुरू किया था। फिलहाल यहां करीब 15,000 लोग काम करते हैं। नवंबर, 2022 में कंपनी ने कहा था कि वो प्लांट की उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए करीब 53,000 कर्मियों की और भर्ती करेगी।

चुनाव

घोषणा का चुनावी कनेक्शन

कर्नाटक में इसी साल अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने हैं। सत्तारुढ़ भाजपा दोबारा सत्ता में वापसी के लिए हरसंभव कोशिश कर रही है। इस घोषणा के समय को चुनावों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। दरअसल, राज्य में युवाओं के बीच रोजगार बड़ा मुद्दा है। ऐसे में इस प्लांट से 1 लाख लोगों को रोजगार मिलने के दावे का असर विधानसभा चुनाव के नतीजों पर भी पड़ सकता है।