महाराष्ट्र: कर्नाटक में कांग्रेस की जीत के बाद MVA नेताओं की बैठक, बनी आगे की रणनीति
क्या है खबर?
कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत के बाद रविवार को महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी (MVA) गठबंधन के तीनों घटक दलों शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) और कांग्रेस की बैठक हुई।
मुंबई में NCP अध्यक्ष शरद पवार के घर पर हुई इस बैठक में MVA के कई बड़े नेता शामिल हुए।
बतौर रिपोर्ट्स, इस बैठक में महाराष्ट्र में अगले विधानसभा चुनाव में जीत की रणनीति तैयार करने को लेकर चर्चा हुई।
जानकारी
बैठक में कौन-कौन हुआ शामिल?
बैठक में शरद पवार के अलावा शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ पूर्व उपमुख्यमंत्री और NCP नेता अजित पवार शामिल हुए। नाना पटोले, बालासाहब थोराट और संजय राउत ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
बयान
MVA के बीच कोई आंतरिक मतभेद नहीं है- संजय राउत
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने बैठक के बाद कहा, "महाविकास अघाड़ी की तीनों पार्टियों के बीच में आंतरिक रूप से कोई मतभेद नहीं है। आज बैठक में सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा हुई है, जिस पर आगे निर्णय ले लिया जाएगा।"
राउत ने आगे कहा, "कर्नाटक में 40 प्रतिशत भ्रष्टाचार था और महाराष्ट्र में 100 प्रतिशत भ्रष्टाचार है। महाराष्ट्र की मौजूदा सरकार भ्रष्ट है और यह अगले चुनाव में हारेगी।"
बयान
लोग प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ हैं- महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष
महाराष्ट्र्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा, "कर्नाटक की जनता ने कांग्रेस को चुना है। इससे पता चलता है कि लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ हैं। महाराष्ट्र में भी भ्रष्ट सरकार है और कांग्रेस अगले चुनाव में यहां भी जीत दर्ज करेगी।"
पटोले ने आगे कहा कि जो भी नेता कर्नाटक का अगला मुख्यमंत्री बनेगा, उनका पुणे में होने वाली 'वज्रमुठ' रैली में सम्मान किया जाएगा।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें बैठक की तस्वीरें
#WATCH | Meeting of Maha Vikas Aghadi underway at the residence of the NCP chief Sharad Pawar. pic.twitter.com/hKINiSEmlF
— ANI (@ANI) May 14, 2023
नतीजे
तीनों पार्टियों ने मिलकर बनाई थी सरकार
2019 में महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीटों पर चुनाव हुए थे, जिसमें भाजपा ने सबसे ज्यादा 106 सीटें जीती थीं। शिवसेना के 56, कांग्रेस के 44 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के 54 उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की थी।
सरकार को लेकर शिवसेना और भाजपा में बात नहीं बनी तो शिवसेना ने कांग्रेस और NCP के साथ मिलकर सरकार बना ली। माना जा रहा था कि शिंदे ही मुख्यमंत्री बनेंगे, लेकिन उद्धव ने उन्हें विधायक दल का नेता बना दिया।
नतीजे
क्या रहे कर्नाटक चुनाव के नतीजे?
कांग्रेस ने कर्नाटक चुनाव में बड़ी जीत हासिल की है। कांग्रेस ने राज्य की 224 सीटों में से 135 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा ने 66 सीटें जीती हैं।
वहीं जनता दल सेक्युलर (JDS) 19 सीटों पर जीत दर्ज करने में कामयाब हुई। अन्य पार्टियों और निर्दलीय उम्मीवारों के खाते में 4 सीटें गईं।
गौरतलब है कि कर्नाटक की 224 विधानसभा सीटों के लिए 10 मई को मतदान हुआ था।