Page Loader
तैलीय त्वचा की देखभाल करने के लिए घर पर बनाएं ये 5 तरह के स्क्रब
तैलीय त्वचा के लिए स्क्रब

तैलीय त्वचा की देखभाल करने के लिए घर पर बनाएं ये 5 तरह के स्क्रब

लेखन गौसिया
Mar 12, 2023
10:52 pm

क्या है खबर?

तैलीय त्वचा वाले लोगों को त्वचा संबंधी कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उनके लिए त्वचा की देखभाल करना आसान नहीं है। इसके लिए फेसवॉश के साथ-साथ त्वचा की स्क्रबिंग करना भी जरूरी है। इससे रोमछिद्रों से गंदगी निकल जाती है और अतिरिक्त तेल भी कम हो जाता है। आइए आज तैलीय त्वचा वालों के लिए घर पर 5 तरह के स्क्रब बनाने और उनके इस्तेमाल करने का तरीका जानते हैं।

#1

शहद का स्क्रब 

स्क्रब बनाने और लगाने का तरीका: इसे बनाने के लिए सबसे पहले 1 बड़ी चम्मच शहद, 2 बड़ी चम्मच पिसे हुए बादाम और आधी चम्मच नींबू के रस को एक साथ मिलाएं। अब इस मिश्रण को चेहरे पर लगाकर करीब 5 मिनट तक स्क्रब करें। फायदा: शहद में मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट त्वचा को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाता है और खराब कोशिकाओं को ठीक करने में मदद करता है।

#2

नींबू और चीनी का स्क्रब 

स्क्रब बनाने और लगाने का तरीका: सबसे पहले 1 छोटी चम्मच नींबू का रस, 2 चम्मच ब्राउन शुगर और शहद या जैतून के तेल की कुछ बूंदों को एक साथ मिलाएं। अब इस मिश्रण को अपने चेहरे पर लगाएं और करीब 5 मिनट तक स्क्रब करने के बाद पानी से धो लें। फायदा: यह स्क्रब अतिरिक्त तेल उत्पादन को कम करता है और त्वचा को कम तैलीय और चमकदार बनाता है।

#3

संतरे के छिलके का स्क्रब 

स्क्रब बनाने और लगाने का तरीका: सबसे पहले 1 बड़ी चम्मच संतरे के छिलके का पाउडर लें। अब इसमें 1 बड़ी चम्मच शहद और चुटकी भर हल्दी पाउडर मिलाएं। इसके बाद इस मिश्रण को चेहरे पर लगाकर करीब 5 मिनट तक स्क्रब करें और फिर पानी से धो लें। फायदा: संतरे के छिलकों में मौजूद यौगिक तेल को नियंत्रण में लाने में मददगार है। इसके साथ ही यह त्वचा की रंगत में निखार भी लाता है।

#4

पपीते का स्क्रब 

स्क्रब बनाने और लगाने का तरीका: सबसे पहले पके पपीते का एक टुकड़ा लें और इसकी प्यूरी बना लें। अब इसमें नींबू के रस की कुछ बूंदें डाल दें। इसके बाद इस मिश्रण को चेहरे और गर्दन पर लगाकर सर्कुलर मोशन में मसाज करें। करीब 5 मिनट बाद चेहरे को पानी से धो लें। फायदा: तैलीय त्वचा के लिए यह स्क्रब बेहद फायदेमंद है। इसके एंजाइम त्वचा को एक्सफोलिएट करने में काफी मददगार है।

#5

मसूर की दाल का स्क्रब 

स्क्रब बनाने और लगाने का तरीका: सबसे पहले एक कटोरी में 2 चम्मच मसूर दाल का पाउडर लें। अब इसमें चुटकी भर हल्दी का पाउडर और 2 चम्मच दही मिलाएं। इसके बाद इस मिश्रण को चेहरे और गर्दन पर लगाएं और करीब 5 मिनट तक स्क्रब करने के बाद पानी से धो लें। फायदा: यह स्क्रब मृत त्वचा कोशिकाओं और गंदगी को हटाने के साथ-साथ त्वचा को मुलायम और कोमल बनाने में मददगार है।