वीकेंड पर कम बजट में घूमें उत्तर भारत की ये पांच जगहें

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग बहुत जल्दी थक जाते हैं। ऐसे में कुछ समय बाहर घूमकर अपने मूड को ठीक किया जा सकता है और दोबारा से काम में मन लगाया जा सकता है। अगर आप उत्तर भारत में कहीं रहते हैं और आसपास ही कहीं जाना चाहते हैं, तो आज हम आपको पांच बेहतरीन जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां घूमने के लिए आपको ज़्यादा पैसे की भी जरूरत नहीं होगी।
केवलादेव नेशनल पार्क, भरतपुर पक्षी अभ्यारण्य के रूप में भी प्रसिद्ध है। इसे UNESCO की विश्व धरोहर स्थल सूची में भी स्थान मिला हुआ है। यह एक ऐसी जगह है जहां आपको कई विदेशी पक्षियों के साथ सांभर, चीतल, नीलगाय जैसे कई जीवों को भी देखने का मौका मिल सकता है। प्रकृति के बीच कुछ पल बिताकर आप अपने तनाव से छुटकारा पा सकते हैं। यहां सर्दियों में घूमने का अपना ही मजा है।
धर्म में आस्था रखते हैं और घूमने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए ऋषिकेश एक बेहतरीन जगह हो सकती है। गंगा का निर्मल स्वच्छ जल आपकी आत्मा को पवित्र कर देगा। यहां कई देवी-देवताओं के मंदिर देखने को मिल जाएंगे, जिनका जिक्र सदियों से धार्मिक कहानियों में होता रहा है। ऋषिकेश में खाने-पीने की भी बेहतरीन व्यवस्था है और रहने के लिए भी आपको ज़्यादा पैसे ख़र्च नहीं करने पड़ेंगे। इसलिए, यह घूमने की एक अच्छी जगह है।
आगरा का ताजमहल, दुनिया के सात अजूबों में शुमार है। इसे पूरी दुनिया प्रेम के प्रतीक के रूप में जानती है। ताजमहल को देखने के लिए हर साल हज़ारों विदेशी पर्यटक आते हैं। ऐसे में अगर आप दिल्ली में रहते हुए इसे न देख पाएं, तो यह किसी दुर्भाग्य से कम नहीं है। यहां आपको मुगलों की शानदार वास्तुकला के साथ ही इतिहास के कई और नमूने भी देखने को मिल जाएंगे। आगरा की यात्रा भी एक बजट यात्रा है।
रिफ़्रेश होने के लिए शिमला से बेहतर दूसरी कोई जगह नहीं है। शिमला को पहाड़ों की रानी कहा जाता है। यह देशभर के पर्यटकों के लिए एक सदाबहार पर्यटन स्थल है, जहां पूरे साल लोगों की भीड़ लगी रहती है। यहां आपको जंगल, झील, मंदिर और मठ सब कुछ देखने को मिल जाएगा।यहां की ठंडी हवाएं आपको एक अलग ही शांति का अनुभव कराएंगी। दिल्ली से जा रहे हैं तो आपको दो-तीन दिन चाहिए होंगे।
राजा सूरजसेन द्वारा स्थापित ग्वालियर एक ऐतिहासिक शहर है, जहां आपको स्मारक, महल, मंदिर, मस्जिद और गुरुद्वारे देखने को मिल जाएंगे। ग्वालियर चारों तरफ सुंदर पहाड़ियों और हरियाली से घिरा हुआ है। इस शहर में कभी भारत का सबसे रॉयल परिवार रहता था। ग्वालियर में ही मशहूर गायक तानसेन का मक़बरा भी है। इसके अलावा ग्वालियर का सूर्य मंदिर अपनी बेहतरीन वास्तुकला के लिए जाना जाता है। ऐसे में ग्वालियर जाना तो बनता है।