Page Loader
दिल्ली से लेकर लखनऊ, भारतीय शहरों पर रखा गया है इन विदेशी जगहों के नाम

दिल्ली से लेकर लखनऊ, भारतीय शहरों पर रखा गया है इन विदेशी जगहों के नाम

लेखन अंजली
Sep 21, 2020
11:55 am

क्या है खबर?

भारत में आपने अलग-अलग जगहों के एक जैसे नाम जरूर सुने होंगे, लेकिन क्या आपको पता है कि भारतीय शहरों के नाम पर विदेशों में भी शहर हैं। जी हां, विदेशों में कई जगहें ऐसी हैं जिनका नाम भारतीय शहरों के नाम पर रखा गया है। आज हम आपको ऐसी ही विदेशी जगहों बारे में बताने जा रहे हैं जिनके नाम भारतीय शहरों के नाम पर रखे हुए हैं। चलिए तो फिर जानते हैं।

#1

दिल्ली

क्या आप इस बात से वाकिफ हैं कि भारत की राजधानी दिल्ली के नाम पर अमेरिका में भी एक शहर है। अगर यकीन न हो तो ऑनलाइन चेक करके देख लीजिए। दरअसल, अमेरिका के न्यूयॉर्क राज्य में दिल्ली नामक शहर स्थित है जो 1940 के दशक में अपने नेचुरल गैस के भंडार के लिए प्रसिद्ध था और जहां बड़ी संख्या में लोग रोजगार के लिए आते थे। आज भी यहां प्राकृतिक गैस के स्त्रोत पाएं जाते हैं।

#2

कोच्चि

अगर आप भारतीय हैं तो आपको तो जरूर मालूम होगा कि केरल के एर्नाकुलम जिले में कोच्चि नामक एक शहर है। लेकिन कम ही भारतीय जानते होंगे कि जापान में भी कोच्चि नामक एक शहर है। यह शहर दक्षिणी जापान के शिकोकू द्वीप में स्थित है। भारत के कोच्चि से इसका रिश्ता बस इतना ही हैं कि दोनों ही जगहों पर आपको लाजवाब सीफूड खाने को मिल जाएंगे।

#3

लखनऊ

उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों का शहर कहे जाना वाला लखनऊ सिर्फ भारत में ही स्थित नहीं बल्कि इसी नाम से एक और शहर सात समंदर पार अमेरिका में भी है। जी हां, अमेरिका में भी लखनऊ नाम से शहर है जिसे 'कैसल इन द क्लाउड्स' के नाम से भी जाना जाता है। यकीन मानिए अमेरिका के लखनऊ में भी आप भारत के लखनऊ की तरह उम्दा कलाकृतियों से रूबरू हो सकते हैं।

#4

पटना

भारत के पूर्वी राज्य बिहार की राजधानी पटना के नाम से लगभग हर कोई वाकिफ है। लेकिन क्या आपको पता है कि स्कॉटलैंड के आयरशयर में भी पटना नामक एक गांव है जिसकी स्थापना 1802 में विलियम फुलर्टन ने अपने पिता सर्जन विलियम फुलर्टन की याद में की थी। सर्जन 1744 से 1766 तक ईस्ट इंडिया कंपनी में कार्यरत थे। वर्तमान में स्कॉटलैंड में बसे बिहारवासी वहां धूमधाम से बिहार स्थापना दिवस और अन्य कार्यक्रम मनाते हैं।