चिंता के दौरे को नियंत्रित करने में मदद कर सकती हैं ये 5 एक्सरसाइज
क्या है खबर?
एंग्जायटी (चिंता का दौरा) एक मानसिक समस्या है और इसके मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है।
इस समस्या से ग्रस्त व्यक्ति पर नकारात्मक भावनाएं इस कदर हावी होने लगती हैं कि उसे कई तरह के मानसिक और शारीरिक रोगों का सामना करना पड़ता है।
अमूमन लोग एंग्जायटी को नियंत्रित करने के लिए दवाइयों का सहारा लेते हैं, लेकिन कुछ एक्सरसाइज भी यह काम कर सकती हैं।
आइए इन एक्सरसाइज के बारे में जानते हैं।
#1
इक्वल ब्रीदिंग एक्सरसाइज
यह एक्सरसाइज एंग्जायटी का जोखिम कम करने में मदद कर सकती है।
इसके लिए सबसे पहले आंखें बंद करके सांस लेने पर ध्यान दें। आप पाएंगे कि आपके सांस लेने और सांस छोड़ने के समय में अंतर है।
इसके बाद नाक से सांस लेते वक्त धीरे-धीरे 4 तक गिनें। अब 4 सेकंड तक ही सांस छोड़ें।
इक्वल ब्रीथिंग का मतलब यही है कि आपका सांस लेने और सांस छोड़ने का समय बराबर होना चाहिए।
#2
माइंडफुलनेस तकनीक
माइंडफुलनेस तकनीकों को अपनाकर चिंता दूर करने के साथ-साथ कई अन्य तरह के लाभ भी मिल सकते हैं।
इसके जरिए अपने ध्यान को वर्तमान समय में केंद्रित करें और भय, समस्याओं और अन्य उलझनों को भूलने की कोशिश करें।
माइंडफुलनेस तरीके से ध्यान लगाने के लिए अपनी आंखें बंद करके दिमाग को शांत करने का प्रयास करें, फिर 5-10 मिनट के बाद धीरे-धीरे आंखें खोलकर सामान्य हो जाएं।
#3
बॉडी स्कैन मेडिटेशन
एंग्जायटी के कारण पूरे शरीर में थकावट महसूस होती है। बॉडी स्कैन मेडिटेशन इसे दूर कर सकता है।
इसके लिए किसी शांत जगह पर एक आरामदायक स्थिति में लेट जाएं और अपनी आंखें बंद करें। अब अपना ध्यान शरीर के प्रत्येक भाग पर लाएं। पैर की उंगलियों से शुरू करके धीरे-धीरे अपने सिर की ओर बढ़ें।
यह अभ्यास न केवल आपकी मांसपेशियों को आराम दे सकता है, बल्कि शांति और संतुलन की भावना को भी बढ़ाता है।
#4
विजुअलाइजेशन गतिविधियां
विजुअलाइजेशन गतिविधियां न सिर्फ एंग्जायटी को कम कर सकती हैं, बल्कि इनसे सकारात्मक भावनाओं को भी बढ़ावा मिलता है।
लाभ के लिए शांत समुद्र तट या हरे-भरे जंगल जैसे किसी वातावरण को कुछ मिनट आराम से देखें। ये आपके मन को शांत करके सुखद भावनाएं महसूस करवा सकते हैं।
इसके अलावा अगर आपको पहाड़ पसंद है तो किसी पहाड़ी जगह पर कुछ समय बिताएं।
#5
रेजोनेंस एक्सरसाइज
यह एक्सरसाइज दिमाग को आराम देकर एंग्जायटी को दूर करने में मदद कर सकती है।
इसे करने के लिए पीठ के बल लेट जाएं और अपनी आंखें बंद कर लें। अब 5 सेकंड के लिए अपने मुंह को बंद रखते हुए नाक से सांस लें।
इसके बाद 6 सेकंड की गिनती तक सांस को धीरे-धीरे अपने शरीर से बाहर छोड़ें।
यह एक्सरसाइज तब तक करते रहें जब तक कि आप आराम और शांत महसूस न करें।