
जन्मदिन विशेष: विराट कोहली जैसी बॉडी पाना चाहते हैं? जानें उनकी डाइट और वर्कआउट प्लान
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली वनडे विश्व कप 2023 में कमाल का खेल रहे हैं।
क्रिकेट के अलावा विराट की फिटनेस भी लोगों को आकर्षित करती है और इसका पूरा श्रेय उनकी डाइट और वर्कआउट रूटीन को जाता है।
अगर आप भी विराट की तरह एकदम फिट रहना चाहते हैं तो आइए आज हम आपको उनके जन्मदिन (5 नवंबर) पर उनकी डाइट और वर्कआउट प्लान के बारे में विस्तार से बताते हैं।
वार्मअप
वार्मअप से अपने वर्कआउट सेशन की शुरुआत करते हैं विराट
वार्मअप एक्सरसाइज किए बिना वर्कआउट सेशन शुरू करना सबसे बड़ी गलती मानी जाती है क्योंकि इसके कारण मांसपेशियों पर अधिक दबाव पड़ने लगता है, जिससे चोट लगने की संभावना बढ़ जाती है और इस बात से विराट भली-भांति परिचित हैं।
इसी कारण हर एथलीट की तरह विराट भी अच्छे वर्कआउट सेशन की शुरुआत दौड़ने से करते हैं। वह रोजाना 20 मिनट तक वार्मअप के तौर पर मैदान में दौड़ते हैं।
वर्कआउट
विराट का वर्कआउट रूटीन
विराट के वर्कआउट रूटीन में मांसपेशियों को बेहतर बनाए रखने वाली एक्सरसाइज शामिल हैं।
5 दिन के वर्कआउट रूटीन के बाद वह 2 दिन आराम करते हैं। साथ ही ऑफ-सीजन के दौरान वह मांसपेशियों पर ध्यान केंद्रित करते हुए अपने कोर, पीठ और पैरों को मजबूत करने के लिए एक्सरसाइज करते हैं।
उच्च-तीव्रता वाली एक्सरसाइज और कार्डियो एक्सरसाइज विराट के प्रदर्शन को अच्छा बनाए रखने और उन्हें फिट रखने में अहम भूमिका अदा करती हैं।
अभ्यास
बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्रो-लेवल का अभ्यास
विराट कंपाउंड एक्सरसाइज के प्रशंसक हैं, जिनमें एक ही समय पर कई मांसपेशियों के समूहों पर काम करने और मांसपेशियों के साथ इंट्रामस्क्युलर समन्वय में सुधार करना शामिल है।
उदाहरण के लिए, वह डेडलिफ्ट्स, स्क्वैट्स और ट्विस्ट के साथ फ्रंट लंग्स जैसी एक्सरसाइज करना पसंद करते हैं।
उनके पास घर में भी एक वेट लिफ्टिंग प्लेटफॉर्म है, जहां वह कुछ ही मिनटों में कई एक्सरसाइज करते हैं।
डाइट
हाई प्रोटीन डाइट लेते हैं विराट
विराट अपने दिन की शुरुआत एक कप कॉफी से करते हैं।
इसके अतिरिक्त वह हाई प्रोटीन डाइट फॉलो करते हैं, जिसमें मछली, चिकन, अंडे, दाल, क्विनोआ, सब्जियां और पालक आदि शामिल होते हैं।
ब्रेकफास्ट में वह पीनट बटर वाली ब्राउन ब्रेड और 3 अंडे का ऑमलेट खाते हैं, जबकि लंच में पालक के साथ चिकन का सेवन करते हैं।
डिनर में वह सूप, सलाद या स्ट्री फ्राई सब्जियां खाना पसंद करते हैं।