Page Loader
नवरात्रि के व्रत के दौरान करें इन स्वस्थ पेय पदार्थों का सेवन, मिलेगी ऊर्जा और पोषण 

नवरात्रि के व्रत के दौरान करें इन स्वस्थ पेय पदार्थों का सेवन, मिलेगी ऊर्जा और पोषण 

लेखन सयाली
Apr 11, 2024
03:35 pm

क्या है खबर?

चैत्र नवरात्रि 9 दिनों का शुभ हिंदू त्योहार है, जो मां दुर्गा को समर्पित होता है। इस दौरान भक्त माता के 9 रूपों की पूजा करते हैं। अपनी भक्ति को दर्शाते हुए लोग 9 दिन का उपवास रखते हैं। व्रत के समय फलाहार और सात्विक भोजन खाना चाहिए और अनाज खाने से बचना चाहिए। इस दौरान शरीर को पोषण और हाइड्रेशन पहुंचाना जरूरी होता है। व्रत करते वक्त स्वस्थ रहने के लिए इन पेय पदार्थों को डाइट में शामिल करें।

#1

छाछ

छाछ गर्मी के मौसम में सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला पेय पदार्थ है। इसे आप नवरात्रि का व्रत करते समय भी पी सकते हैं। इसका सेवन करने से शरीर को निर्जलीकरण से बचाया जा सकता है। साथ ही इसे पीने से कोलेस्ट्रॉल कम होता है, शरीर को ऊर्जा मिलती है और हड्डियां भी मजबूत होती हैं। अपने उपवास के वक्त इसे खान-पान का हिस्सा बनाने से आपका पाचन स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। जानें 5 तरह की स्वादिष्ट छाछ की रेसिपी।

#2

नारियल पानी 

बढ़ती गर्मी से लड़ने के लिए नारियल पानी एक बेहतरीन पेय है, जो व्रत में पीने के लिए एक अच्छा विकल्प है। यह आपको तुरंत ऊर्जा प्रदान करता है और शरीर में इलेक्ट्रोलाइट संतुलन बनाए रखने में भी मदद करता है। यह पेय एंटी-ऑक्सीडेंट से भरपूर होता है, जो शरीर पर मुक्त कणों के प्रभाव को कम कर सकता है। नारियल पानी पीने से पाचन क्षमता दुरुस्त रहती है और पेट की सूजन भी कम होती है।

#3

खीरे का जूस 

नवरात्रि के व्रत में आप हाइड्रेशन के लिए खीरे का जूस भी पी सकते हैं। यह पेय शरीर को प्राकृतिक रूप से डिटॉक्स करता है। इसका सेवन विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालकर किडनी के स्वास्थ्य को मजबूत बनाने में मदद करेगा। इसे बनाने के लिए पुदीना, नींबू का रस और धनिया के साथ खीरे को पीसें। यह वजन घटाने में सहायता करेगा और त्वचा को हाइड्रेट करके अंदरूनी निखार पहुंचाएगा।

#4

ताजे फलों का रस

व्रत करते समय शरीर में ऊर्जा का संचार करने के लिए ताजे फलों का रस पीना चाहिए। अपने मन पसंद फलों को मिक्सी या ब्लेंडर में डालकर पीस लें। ताजा बेरी, संतरे और सेब का जूस शरीर को फाइबर प्रदान कर सकता है। फलों का रस पाचन के लिए अच्छा होता है और वजन घटने में भी मदद करता है। इन 5 तरह के फल के जूस को आप डाइट का हिस्सा बना सकते हैं।

#5

नींबू पानी 

नींबू पानी गर्मियों का सबसे लोकप्रिय पेय पदार्थ है, जिसे बिना फिक्र के व्रत में भी पिया जा सकता है। सुबह या शाम के समय ऊर्जा और ठंडक पाने के लिए ताजे नींबू के रस से नींबू पानी बनाएं। इसका स्वाद दोगुना करने के लिए इसमें पुदीने के पत्तों का भी इस्तेमल करें। इसमें विटामिन-C होता है, जो प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करता है। रोजाना एक गिलास नींबू पानी पीने से आपको ये 4 फायदे मिल सकते हैं।