Page Loader
मधुमेह पीड़ित लोग ग्लूकोज के स्तर को कम करने के लिए करें इन सब्जियों का सेवन 

मधुमेह पीड़ित लोग ग्लूकोज के स्तर को कम करने के लिए करें इन सब्जियों का सेवन 

लेखन सयाली
Feb 26, 2024
12:10 pm

क्या है खबर?

भारत में मधुमेह एक गंभीर बीमारी बन चुका है। करीब 10 करोड़ से भी ज्यादा भारतीय इस बीमारी के साथ जी रहे हैं। हमें शरीर में ग्लूकोज की मात्रा को संतुलित करना जरूरी है, जो रक्त में शर्करा का मुख्य प्रकार है। यह हमारे खान-पान के जरिये मिलता है। शरीर में ग्लूकोज का स्तर बढ़ने से मधुमेह की परेशानी भी बढ़ती है। आप इन कम कैलोरी वाली सब्जियों की मदद से ग्लूकोज की मात्रा को कम कर सकते हैं।

#1

मोरिंगा 

स्वास्थ्य के लिए ड्रमस्टिक्स या मोरिंगा कारगर साबित हो सकता है। यह खनिज, एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन और अन्य पोषक तत्वों से भरपूर होता है। यह हाइपरग्लेसेमिक स्थिति से निपटने में मदद करता है। इसमें सूजन-रोधी गुण भी पाए जाते हैं। आप मोरिंगा का उपयोग सलाद और सूप आदि में कर सकते हैं। यह रक्त में ग्लूकोज के स्तर में सुधार और एनीमिया को दूर करता है। मोरिंगा का पानी भी हमारे शरीर के लिए बेहद फायदेमंद होता है।

#2

ब्रोकली 

ब्रोकली मधुमेह से पीड़ित लोगों के शरीर में रक्त शर्करा को कम करने में मदद कर सकती है। यह एक ऐसी सब्जी है, जो वजन घटाने और हृदय स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए अच्छी होती है। ब्रोकली के सेवन से ग्लूकोज के स्तर में गिरावट आती है। ब्रोकली में ग्लाइसेमिक इंडेक्स (GI) कम होता है, जिसका मतलब है कि ब्लड शुगर पर इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। ब्रोकली के सेवन से शरीर को कई स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं

#3

खीरा 

खीरा एक हाइड्रेटिंग सब्जी है, जो रक्त शर्करा को प्रबंधित करने में मदद करते हैं। यह हाइपोग्लाइसीमिया के खतरे को भी कम कर सकते हैं। हाइपोग्लाइसीमिया एक ऐसी स्थिति है, जिसमें शरीर के ग्लूकोज का स्तर मानक सीमा से कम हो जाता है, जो खतरनाक है। दरअसल, शरीर के लिए ग्लूकोज का सही मात्रा में होना जरूरी है। इसमें इजाफा या गिरावट दोनों ही नुकसानदायक है। उच्च रक्त शर्करा के स्तर को प्रबंधित करने के लिए खीरा अच्छा विकल्प है।

#4

टमाटर 

टमाटरों में कम स्टार्च पाया जाता है और इनमें चीनी की मात्रा भी कम होती है। इसलिए मधुमेह से पीड़ित लोगों की डाइट में टमाटर जरूर होने चाहिए। 100 ग्राम टमाटर में लगभग 23 का ग्लाइसेमिक इंडेक्स (GI) होता है, जो मधुमेह की बीमारी में खाए जाने के लिए इसे एक स्वस्थ फल बनाता है। टमाटर में कैलोरी भी कम होती है, जो आपके वजन को नियंत्रित रखने में मदद करता है।

#5

हरी सेम

हरी सेम फाइबर का एक समृद्ध स्रोत होती हैं। इनमें कार्ब्स की मात्रा कम होती है और यह हमारे शरीर को स्वस्थ रूप से सभी जरूरी पोषक तत्व पहुंचाती हैं। इनके सेवन से आपका पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस करता है और इनसे वजन संतुलित रहता है। इनमें ग्लाइसेमिक इंडेक्स (GI) कम होता है। ये रक्त शर्करा के स्तर को धीरे-धीरे बढ़ाती हैं, जिससे यह अत्यधिक नहीं हो पाता।