धनुरासन: स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी है इस योगासन का अभ्यास, जानिए इससे जुड़ी अहम बातें
क्या है खबर?
बिगड़ती जीवनशैली के कारण आजकल लोगों को तमाम तरह की बीमारियों का सामना करना पड़ता है। हालांकि रोजाना कुछ योगासनों का अभ्यास ऐसी कई गंभीर बीमारियों से बचा सकता है।
इन्हीं योगासनों में से एक है धनुरासन। इसका रोजाना सिर्फ पांच मिनट अभ्यास ही आपको कई बीमारियों से राहत दिला सकता है।
चलिए फिर आपको बताते हैं कि धनुरासन कैसे करते हैं और इससे क्या लाभ मिलते हैं।
जानकारी
धनुरासन क्या है?
धनुरासन एक प्रकार का योगासन है जिसके अभ्यास के दौरान शरीर की मुद्रा धनुष की तरह बन जाती है। धनुरासन को पेट के बल लेटने के बाद कमर मोड़कर किया जाता है और इसी कारण इसे पेट और कमर के लिए प्रभावी माना जाता है।
इस योगासन के अभ्यास से कंधों, छाती और गर्दन में खिंचाव आता है और शरीर की मांसपेशियां मजबूत होती हैं। इससे अभ्यास से कई गंभीर बीमारियों से भी दूरी बनी रहती है।
तरीका
धनुरासन करने का तरीका
सबसे पहले चटाई पर पेट के बल लेट जाएं। फिर अपने दोनों घुटनों को अपनी कमर की तरफ से मोड़े और हाथों से टखनों को मजबूती से पकड़ लें।
इसके बाद सांस लेते हुए अपने पूरी शरीर को इस प्रकार ऊपर उठाने की कोशिश करें कि शरीर का आकार धनुष के समान लगे।
अब अपनी क्षमता के हिसाब से इस मुद्रा में रहे और धीरे-धीरे सांस लेते और छोड़ते रहें। फिर कुछ सेकेंड बाद धीरे-धीरे सामान्य हो जाएं।
सावधानियां
धनुरासन के अभ्यास के दौरान जरूर बरतें ये सावधानियां
1) जिन लोगों को हृदय से संबंधित समस्याएं हैं, उनको इस योगासन का अभ्यास नहीं करना चाहिए।
2) उच्च रक्तचाप के रोगियों को भी इस योगासन का अभ्यास न करने की सलाह दी जाती है।
3) जो लोग पेट से जुड़ी समस्याओं से परेशान रहते हैं, उनको भी इस योगासन का अभ्यास करने से बचना चाहिए क्योंकि इसके कारण समस्याएं बढ़ सकती हैं।
4) भोजन करने के तुरंत बाद इस योगासन का अभ्यास नहीं करना चाहिए।
फायदा
धनुरासन के नियमित अभ्यास से मिलने वाले फायदे
धनुरासन का नियमित तौर पर अभ्यास कई प्रकार से स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद सिद्ध हो सकता है।
उदाहरण के तौर पर इसका रोजाना अभ्यास करने से पेट, पीठ, पैर और बांहों की मांसपेशियों में मजबूती आती है। इसके अतिरिक्त किडनी और पाचन तंत्र आदि पर भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
बात अगर इसके अभ्यास से मिलने वाले मानसिक फायदों की करें तो यह चिंता और तनाव से मुक्ति दिलाने में भी सहायक हो सकता है।
महत्वपूर्ण टिप्स
धनुरासन का अभ्यास करने से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण टिप्स
1) इस योगासन का अभ्यास करते समय शरीर को जबरदस्ती ऊपर की ओर खींचने का प्रयास न करें क्योंकि इससे गुम चोट लग सकती है।
2) शुरुआती दौर में धनुरासन करते समय शरीर के निचले हिस्से को उठाना मुश्किल लगे तो जांघो के नीचे एक कंबल को रोल करके रख दें।
3) यह योगासन करने से पहले शरीर को थोड़ा स्ट्रेच कर लेना भी फायदेमंद हो सकता है।