Page Loader
आलिया भट्ट के न्यूट्रिशनिस्ट ने बताए खान-पान के टिप्स, जो ब्लड शुगर को करते हैं कम

आलिया भट्ट के न्यूट्रिशनिस्ट ने बताए खान-पान के टिप्स, जो ब्लड शुगर को करते हैं कम

लेखन सयाली
Jul 07, 2025
06:47 pm

क्या है खबर?

आलिया भट्ट अपनी सेहत का खास ख्याल रखती हैं, जिसमें उनकी पौष्टिक डाइट का अहम योगदान रहता है। सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट डॉक्टर सिद्धांत भार्गव उनका डाइट प्लान तैयार करते हैं। वह केवल आलिया के ही नहीं, बल्कि कई मशहूर हस्तियों के भी न्यूट्रिशनिस्ट हैं। अब डॉ भार्गव ने एक वीडियो के जरिए मधुमेह और बढ़े हुए ब्लड शुगर के स्तर के जोखिम पर प्रकाश डाला है। साथ ही उन्होंने उसे कम करने के डाइटिंग टिप्स भी बताए हैं।

वीडियो

सोशल मीडिया पर साझा किया सुझाव देने वाला वीडियो

कुछ दिनों पहले डॉ भार्गव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया था। इसमें उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि रक्तप्रवाह में लगातार बढ़ा ग्लूकोज का स्तर न केवल दिल को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि कई अंगों को भी खराब कर सकता है। वीडियो के दौरान वह खान-पान के कुछ ऐसे टिप्स साझा करते हैं, जिनकी मदद से हम अपने ब्लड शुगर के स्तर को नियंत्रित रख सकते हैं और मधुमेह से लड़ सकते हैं।

#1

रिफाइंड अनाज की जगह खाएं बाजरा

मधुमेह के मरीजों के लिए बाजरे का सेवन करना सही निर्णय हो सकता है। डॉ भार्गव ने बताया कि सफेद चावल या गेहूं जैसे अनाजों की तुलना में बाजरे का ग्लाइसेमिक इंडेक्स (GI) काफी कम होता है। कम GI वाला भोजन धीरे-धीरे पचता है, जिससे ब्लड शुगर के स्तर में अचानक वृद्धि नहीं होती है। साथ ही बाजरे में फाइबर की मात्रा भी अधिक होती है, जिससे पाचन स्वास्थ्य दुरुस्त रहता है।

#2

खाना खाने के बाद करें मीठे का सेवन

मधुमेह के दौरान मीठा खाने से ब्लड शुगर बहुत बढ़ जाता है। हालांकि, अगर आप सही ढंग से मीठे का सेवन करें तो ब्लड शुगर के स्तर को नियंत्रित किया जा सकता है। डॉ भार्गव सलाह देते हैं कि खाना खाने के बाद ही मिठाई खानी चाहिए। जब पेट भरा होता है तो लोग खुद ही कम मीठा खाते हैं, जिससे ब्लड शुगर का स्तर नहीं बढ़ता। इस तरकीब को अपनाने से आपकी मीठे की लालसा भी पूरी हो जाएगी।

#3

केवल कार्ब्स पर न रहें निर्भर

भारतीय खान-पान मुख्य रूप से कार्ब्स पर निर्भर रहता है। हालांकि, केवल रोटी या चावल पर निर्भर रहना रोगियों के लिए सही नहीं है। डॉ भार्गव कहते हैं कि मधुमेह के मरीजों को कार्ब्स और प्रोटीन का संतुलन बनाना चाहिए। अपनी थाली में रोटी और चावल की मात्रा को कम रखें और सलाद व प्रोटीन की मात्रा को बढ़ाएं। प्रोटीन पाचन प्रक्रिया को धीमा करता है और ब्लड शुगर के स्तर को स्थिर रखता है।

#4

स्नैकिंग के लिए चुनें मेवे

हर किसी को शाम के समय स्नैक्स खाने की लालसा होती ही है। हालांकि, मधुमेह रोगियों को सोच समझकर स्नैक्स का सेवन करना चाहिए। आपको तले-भुने या मीठे स्नैक्स खाने के बजाय सूखे मेवों का सेवन करना चाहिए। आप प्रोसेस्ड स्नैक्स की जगह बादाम, अखरोट या भुनी हुई मूंगफली जैसे सूखे मेवों का सेवन कर सकते हैं। मेवे स्वस्थ वसा, प्रोटीन, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होते हैं, जो स्वास्थ्य को सुधारकर ब्लड शुगर को नियंत्रित रखते हैं।