Page Loader
खाना बनाते समय एक बार इस्तेमाल करके देखें बुराटा चीज, मिलेंगे ये चमत्कारी लाभ

खाना बनाते समय एक बार इस्तेमाल करके देखें बुराटा चीज, मिलेंगे ये चमत्कारी लाभ

लेखन सयाली
Mar 17, 2025
05:49 am

क्या है खबर?

चीज दुनिया में सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला डेयरी उत्पाद है, जो हर व्यंजन के स्वाद को दोगुना कर देता है। वैसे तो हम सभी पिज्जा, पास्ता और सैंडविच जैसे व्यंजनों में चीज शामिल करते हैं। हालांकि, आम तौर पर घरों में प्रोसेस्ड या मोजरेला चीज का ही इस्तेमाल होता है। इनकी जगह आपको एक बार बुराटा चीज खा कर देखना चाहिए, जो बेहद फायदेमंद और स्वादिष्ट होता है। इसे खान-पान का हिस्सा बनाने पर आपको ये लाभ मिलेंगे।

बुराटा

क्या होता है बुराटा चीज

बुराटा इटली में बनने वाला एक लजीज चीज है, जिसे मोजरेला और क्रीम को मिलाकर तैयार किया जाता है। यह मोजरेला से बनी पोटली की तरह दिखता है, जिसके अंदर मलाईदार क्रीम और मोजरेला चीज भरी होती है। इसे सबसे पहले पुगलिया क्षेत्र में बनाया गया था और यह अपने मलाईदार स्वाद के लिए मशहूर है। गाय के दूध को फाड़कर और गूंथकर एक थैली बनाई जाती है, फिर उसमें क्रीम और चीज का मिश्रण भरा जाता है।

#1

दिल के लिए फायदेमंद

बुराटा चीज में वसा के साथ-साथ कई ऐसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो दिल के स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होते हैं। इसमें कैल्शियम मौजूद होता है, जो ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में मदद करता है। साथ ही, इस चीज की प्रोटीन सामग्री भी हृदय स्वास्थ्य का समर्थन कर सकती है। इसमें उच्च मात्रा में वसा पाई जाती है, इसीलिए इसे संतुलित मात्रा में ही खाना चाहिए। इसके अधिक सेवन से आपका कोलेस्ट्रॉल बढ़ भी सकता है।

#2

पेट के लिए लाभदायक

कच्चे दूध से बने बुराटा चीज में लाभकारी प्रोबायोटिक्स होते हैं, जो एक आंत माइक्रोबायोम को बढ़ावा देकर आंत के स्वास्थ्य को दुरुस्त करते हैं। ये प्रोबायोटिक्स पाचन, पोषक तत्वों के अवशोषण और प्रतिरक्षा को सुधारने में भी योगदान दे सकते हैं। हालांकि, बाजार में मिलने वाले बुराटा चीज को पके हुए दूध से बनाया जाता है, जिस कारण इसके लाभकारी बैक्टीरिया खत्म हो सकते हैं। इसीलिए, कच्चे दूध से घर पर ही तजा बुराटा चीज बनाएं।

#3

हड्डियां होती हैं मजबूत

बुराटा चीज अपनी कैल्शियम और फॉस्फोरस सामग्री के कारण हड्डियों के स्वास्थ्य का समर्थन करता है। कैल्शियम हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक है, जबकि फॉस्फोरस कैल्शियम के साथ मिलकर हड्डियों को मजबूती देता है। ये पोषक तत्व हड्डियों को टूटने से बचाने और ऑस्टियोपोरोसिस के जोखिम को कम करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। इसके अलावा, बुराटा चीज विटामिन-D भी प्रदान करता है, जो कैल्शियम के अवशोषण में मदद करता है।

#4

त्वचा बनती है स्वस्थ

बुराटा चीज में विटामिन A और जिंक मौजूद होते हैं, जो त्वचा की देखभाल में मदद करते हैं। विटामिन A त्वचा को स्वस्थ बनाए रखने, कोशिकाओं के निर्माण को बढ़ाने और रंगत को निखाने में मदद करता है। वहीं, जिंक घाव भरता है, सूजन को कम करता है और अल्ट्रा वॉयलेंट (UV) किरणों से होने वाली क्षति से बचाता है। बुराटा चीज में वसा और प्रोटीन भी होता है, जो त्वचा की नमी को बनाए रखने में मदद करता है।