Page Loader
लंज बनाम स्क्वाट: कौन-सी एक्सरसाइज है आपके लिए बेहतर?
लंज बनाम स्क्वाट

लंज बनाम स्क्वाट: कौन-सी एक्सरसाइज है आपके लिए बेहतर?

लेखन अंजली
Jul 07, 2025
06:40 pm

क्या है खबर?

लंज और स्क्वाट दोनों ही एक्सरसाइज पैरों और निचले शरीर की मांसपेशियों को मजबूत बनाने में मदद कर सकते हैं। हालांकि, इन दोनों में अंतर है और कई लोग इनमें से किसी एक का चयन करते हैं। अगर आप भी इन दोनों के बीच चयन करने में उलझन में हैं तो आइए जानते हैं इन दोनों एक्सरसाइज के लाभ और इनके बीच के अंतर ताकि आप सही निर्णय ले सकें।

लंज

लंज करने का तरीका

सबसे पहले जमीन पर सीधे खड़े होकर अपने दाएं पैर को आगे बढ़ाएं और उसको घुटनों से मोड़ते हुए 90 डिग्री का कोण बनाएं। अब बायां पैर पीछे के ओर सीधा करें और दोनों पैरों के बीच में कम से कम दो-तीन फीट की दूरी कायम करें। कुछ सेकेंड इसी स्थिति में रहने के बाद खुद को ऊपर की ओर उछालें। इससे आप प्रारंभिक स्थिति में आ जाएंगे। इसे रेप्स कहते हैं। इसी तरह दोनों पैर से 12-15 रेप्स करें।

स्क्वाट

स्क्वाट एक्सरसाइज करने का तरीका 

सबसे पहले अपने दोनों हाथ सामने की ओर खोलकर सीधे खड़े हो जाएं। इस दौरान आपकी छाती एकदम तनी हुई होनी चाहिए। अब धीरे-धीरे अपने घुटनों को मोड़ते हुए ऐसे बैठें, जिस तरह से कुर्सी पर बैठा जाता है। इसके बाद सांस भरते हुए धीरे-धीरे नीचे झुकें और फिर ऊपर आते समय सांस छोड़ें। ऐसा आप 10 मिनट तक कर सकते हैं। शुरूआत में 10 स्क्वाट करें और फिर धीरे-धीरे 12-15 तक ले जाएं।

फायदे

लंज और स्क्वाट के फायदे 

लंज एक ऐसी एक्सरसाइज है, जो कूल्हों, जांघों और पीठ के निचले हिस्से की मांसपेशियों को मजबूत बनाने के साथ-साथ संतुलन और स्थिरता में सुधार करने में मदद कर सकती है। स्क्वाट एक बहुत ही असरदार एक्सरसाइज है, जो पूरे शरीर को मजबूत बनाने में मदद कर सकता है। यह एक्सरसाइज कूल्हों, जांघों, पीठ और कंधों की मांसपेशियों को मजबूत बनाने के साथ-साथ शरीर के संतुलन और स्थिरता में सुधार करने में भी सहायक है।

चयन

लंज और स्क्वाट में से किसका चयन करना है बेहतर?

लंज और स्क्वाट दोनों ही एक्सरसाइज पैरों और निचले शरीर की मांसपेशियों को मजबूत बनाने में मदद कर सकती हैं। हालांकि, लंज करने से कूल्हों, जांघों और पीठ के निचले हिस्से की मांसपेशियों पर अधिक दबाव पड़ता है, जबकि स्क्वाट करने से कूल्हों, पीठ और कंधों की मांसपेशियों पर दबाव पड़ता है। ऐसे में आप अपने लक्ष्य और सुविधा के अनुसार इनमें से किसी एक का चयन कर सकते हैं।