Page Loader
दिवाली पर भारत के इन 5 राज्यों में बनते हैं ये पारंपरिक व्यंजन और मिठाइयां
दिवाली पर भारतीय राज्यों में बनने वाले 5 स्वादिष्ट व्यंजन

दिवाली पर भारत के इन 5 राज्यों में बनते हैं ये पारंपरिक व्यंजन और मिठाइयां

लेखन गौसिया
Oct 21, 2022
03:52 pm

क्या है खबर?

दिवाली साल का सबसे रोमांचक त्योहार है और इस दिन सभी लोग एक-दूसरे के घर जाकर खुशियां बांटते हैं। इस दौरान घर पर आने वाले महमानों को पकवान, स्नैक्स और मिठाइयां खिलाई जाती हैं। पूरे भारत में दिवाली का त्योहार बहुत ही उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस खास मौके पर अलग-अलग राज्यों में पारंपरिक मिठाइयां और व्यंजन भी बनाए जाते हैं। आइए आज पांच भारतीय राज्यों के मशहूर दिवाली व्यंजनों और मिठाइयों के बारे में जानते हैं।

#1

बबरू, हिमाचल प्रदेश

हिमाचल प्रदेश का पारंपरिक दिवाली व्यंजन बबरू बहुत मशहूर है। इसे बनाने के लिए मैदा, आटा, खमीर और चीनी या गुड़ को एक साथ मिलाकर गूंथ लें। इसके बाद गोल आकार की छोटी-छोटी पूड़ी बेलकर उन्हें गरम तेल में सुनहरा होने तक तल लें। यह पहाड़ी व्यंजन रबड़ी या खीर के साथ खाने में बहुत ही स्वादिष्ट लगते हैं और इन्हें कई हफ्तों तक स्टोर भी किया जा सकता है।

#2

मावा कचौरी, राजस्थान

मावा कचौरी राजस्थान के जोधपुर का एक पारंपरिक और दिवाली स्पेशन व्यंजन है। यह एक किस्म की मिठाई है। इसमें सूखे मेवों के साथ मावा या खोया मिलाया जाता है और फिर इन भरवां कचौरियों को सुनहरा तलकर चाशनी में डुबा दिया जाता है। मावा से भरी इन कचौरियों का स्वाद मीठा और हल्का क्रंची होता है। राजस्थान में अंजीर कटलेट, मावा मिश्री, मिल्क केक और घेवर भी दिवाली के लोकप्रिय व्यंजन हैं।

#3

नारिकोल लारू, असम

दिवाली पर असम में तैयार की जाने वाली नारिकोल लारू एक लोकप्रिय मिठाई है। इसे नारियल के लड्डू भी कहा जाता है। ये कटे हुए नारियल, घी, हरी इलायची के पाउडर और चीनी का उपयोग करके तैयार किए जाते हैं। कुछ लोग स्वाद और क्रंच के लिए इसमें मेवे और किशमिश भी मिलाते हैं। असम के लोग इस मिठाई को भोगली बिहू के दौरान भी बनाते हैं।

#4

शुफ्ता, जम्मू-कश्मीर

शुफ्ता जम्मू-कश्मीर का एक पारंपरिक मीठा व्यंजन है। इसे बनाने के लिए कई तरह के सूखे मेवों को चीनी की चाशनी में मिला दिया जाता है। इसे बनाना बहुत आसान है और ज्यादा मेहनत भी नहीं करनी पड़ती है। सबसे पहले मेवों को पानी में भिगोया जाता है और फिर घी, मसाले और चाशनी में सब चीजें मिला दी जाती हैं। आप इस व्यंजन का स्वाद बढ़ाने के लिए गुलाब की पंखुड़ियां और केसर भी मिला सकते हैं।

#5

छोडो शाक, पश्चिम बंगाल

पश्चिम बंगाल में दिवाली के साथ-साथ उसी दिन काली पूजा का त्योहार भी मनाया जाता है। बंगाली परिवार इस त्योहार से एक दिन पहले छोडो शाक नामक स्वादिष्ट व्यंजन तैयार करते हैं। इसमें 14 हरी पत्तेदार सब्जियों का उपयोग किया जाता है। यह सेहत और स्वाद दोनों में बेहतरीन होता है। ऐसा माना जाता है कि यह पकवान त्योहारों के मौसम में बुराई को दूर करता है।