Page Loader
हाई ब्लड प्रेशर को कम करने में मदद कर सकते हैं ये 5 फल
ब्लड प्रेशर को कम करने वाले फल

हाई ब्लड प्रेशर को कम करने में मदद कर सकते हैं ये 5 फल

लेखन अंजली
May 15, 2023
04:21 pm

क्या है खबर?

हाई ब्लड प्रेशर में ब्लड प्रेशर की रीडिंग 140/90 या इससे ऊपर पहुंच जाती है। यह स्थिति शरीर की धमनियों में खून का प्रवाह बहुत अधिक बढ़ जाने के कारण उत्पन्न होती है। इसकी वजह से हार्ट अटैक, कार्डियक अरेस्ट या अन्य हृदय रोग का खतरा बढ़ सकता है। आइए आज हम आपको 5 ऐसे फलों के बारे में बताते हैं, जिनका सेवन हाई ब्लड प्रेशर को कम करने में मदद कर सकता है।

#1

केला

रोजाना एक केले का सेवन करना बहुत लाभदायक हो सकता है। इसमें भरपूर मात्रा में मैग्नीशियम और पोटैशियम जैसे पोषक तत्व शामिल होते हैं, जो ब्लड प्रेशर को नियंत्रित कर हृदय जोखिम को कम कर सकते हैं। केले में पाए जाने वाले विटामिन्स हृदय को बेहतर तरीके से पंपिंग करने में भी मदद करते हैं। इसके साथ ही ये हार्ट अटैक और स्ट्रोक आदि समस्याओं से दूरी बनाएं रखने में भी मदद करते हैं।

#2

स्ट्रॉबेरी

स्ट्रॉबेरी में एंथोसायनिन (एंटी-ऑक्सीडेंट), विटामिन-C, पोटैशियम और ओमेगा-3 फैटी एसिड होता है, जो हाई ब्लड प्रेशर को कम करने में मदद कर सकता है। इसके अतिरिक्त इसमें एंटी-बैक्टीरियल, एंटी-फंगल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण भी होते हैं, जो आपको कई प्रकार के संक्रमण और बीमारियों से बचाकर इम्युनिटी को बढ़ा सकते हैं। इसमें मौजूद फाइबर शरीर की अतिरिक्त चर्बी को कम करके वजन घटाने में मदद कर सकता है।

#3

तरबूज

तरबूज गर्मियों में आने वाला फल है और इसका सेवन भी हाई ब्लड प्रेशर को कम करने में मदद कर सकता है। इसका कारण है कि तरबूज में सोडियम की मात्रा कम और पानी की मात्रा अधिक होती है, वहीं इसमें विटामिन-C, पोटैशियम, लाइकोपीन और एंटी-ऑक्सीडेंट जैसे पोषक तत्व भी होते हैं। ये पोषक तत्व ब्लड प्रेशर से लड़ने में मदद करते हैं। आप तरबूज की ये 5 रेसिपी अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।

#4

अनार भी है प्रभावी

अनार में एंटी-ऑक्सीडेंट गुण मौजूद होते हैं, जिस वजह से इसे हाई ब्लड प्रेशर को कम करने के लिए अच्छा माना जाता है। इसके अतिरिक्त, इससे शरीर में अच्छे कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ता है और हानिकारक ऑक्सीडाइज लिपिड का असर कम होता है। अनार का सेवन करने से एथेरोस्क्लेरोसिस होने की आशंका काफी हद तक कम हो जाती है। बता दें कि धमिनयों में वसा और कोलेस्ट्रॉल के जमा होने पर एथेरोस्क्लेरोसिस नामक बीमारी होती है।

#5

आम

आम को कार्डियोप्रोटेक्शन का एक बढ़िया स्रोत माना जाता है। यह कार्डियोप्रोटेक्टिव एजेंट की तरह सक्रिय रूप से कार्य करते हुए हृदय की कई बीमारियों से बचाए रखने में मदद कर सकता है। इसमें हाई ब्लड प्रेशर की समस्या भी शामिल है। इसके अतिरिक्त आम में बीटा कैरोटीन और पोटैशियम होता है, जो ब्लड प्रेशर को कम करने में सहायक होते हैं। अगर आम की ये 5 स्वादिष्ट रेसिपी डाइट में शामिल कर सकते हैं।