Page Loader
मानसून की बारिश मचा रही तबाही, इन राज्यों में आज भी चेतावनी जारी 
मानसून की बारिश से महाराष्ट्र और केरल में तबाही मची हुई है

मानसून की बारिश मचा रही तबाही, इन राज्यों में आज भी चेतावनी जारी 

May 28, 2025
09:06 am

क्या है खबर?

दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे देशभर में पहुंच रहा है। अभी तक केरल और महाराष्ट्र में इसके कारण हुई भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज आंतरिक और तटीय कर्नाटक, केरल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, मेघालय, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा, तमिलनाडु और तेलंगाना में भारी बारिश की चेतावनी दी है। दूसरी तरफ उत्तरी भारत के कुछ राज्यों में भीषण गर्मी का दौर जारी रहने के साथ उमस भी सताएगी।

मानसून 

कैसी है मानसून की चाल?

केरल से शुरू हुआ मानसून आगे बढ़ते हुए मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में दस्तक दे चुका है। साथ ही बंगाल की खाड़ी के मध्य और उत्तर-पश्चिम हिस्सों, मिजोरम के शेष भागों, त्रिपुरा, मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ क्षेत्रों तक पहुंच गया। स्थितियां अनुकूल होने के कारण अगले 2-3 दिनों में यह इन राज्यों के बाकी हिस्सों को भी कवर कर लेगा।

बाढ़ 

इन राज्यों में बने बाढ़ के हालात 

मानसून की भारी बारिश के कारण केरल और महाराष्ट्र में हालत खराब हो गए हैं। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा में मंगलवार (27 मई) को भारी बारिश के चलते 5 लोगों की मौत हो गई। झमाझम बारिश ने नांदेड़ और बीड जिलों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न कर दी है। केरल में भारी बारिश से फसलों को नुकसान होने के साथ रेल और सड़क यातायात बाधित हुआ है, जबकि तमिलनाडु के नीलगिरी में लगातार बारिश बिजली-पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है।

उमस-गर्मी 

दिल्ली में सताएगी गर्मी 

दिल्ली NCR में आज भी गर्मी-उमस पसीने छुड़ाएगी। इस दौरान आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन इसका तापमान पर कोई असर नहीं होगा। इसके साथ ही कुछ जगह तेज हवा चलने के साथ बौछारे पड़ सकती हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री तक रहने का अनुमान है। 29 और 30 मई को अंधड़ और बारिश में तेजी आ सकती है। इसके बाद 4-5 दिन तक मानसून पूर्व की गतिविधियां कमजोर पड़ सकती हैं।

लू 

इन राज्यों में जारी रहेगा गर्मी का कहर 

राजस्थान के पश्चिमी इलाकों में लू की स्थिति बनी रहेगी, जबकि कई इलाकों में आंधी चलने और बारिश होने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में भी आज कुछ हिस्सों में गर्मी रहने के असार हैं। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा में 28 मई से 2 जून तक बिजली गिरने, अंधड़ के साथ बारिश होने की संभावना है। बिहार के 12 जिलों में आज बारिश, वज्रपात और तेज हवा चलने का यलो अलर्ट जारी किया है।