Page Loader
दिल्ली समेत उत्तर भारत में थमा बारिश का सिलसिला, अभी इन राज्यों में ठहरा है मानसून
दिल्ली समेत उत्तर भारत में बारिश नहीं लेकिन पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश होगी (तस्वीर: अनस्प्लैश)

दिल्ली समेत उत्तर भारत में थमा बारिश का सिलसिला, अभी इन राज्यों में ठहरा है मानसून

लेखन गजेंद्र
Oct 03, 2024
10:07 am

क्या है खबर?

दिल्ली समेत उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में बारिश का सिलसिला थम गया है। यहां अगले एक हफ्ते तक बारिश की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। अगले एक हफ्ते यहां तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट होगी, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। उत्तर प्रदेश में भी यही स्थिति रहेगी।

मौसम

किन-किन राज्यों में अभी ठहरा है मानसून

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि वैसे तो पूरे देश से मानसून की विदाई लगभग तय हो चुकी है, लेकिन अभी कई राज्यों में बारिश की संभावना बनी हुई है। IMD के मुताबिक, 3 अक्टूबर को पूर्वोत्तर के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा में भारी बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में येलो अलर्ट जारी है। मुंबई, अहमदाबाद, बेंगलरु में भी बारिश की संभावना है।

मानसून

8 अक्टूबर तक इन राज्यों में येलो अलर्ट जारी

IMD के मुताबिक, 4 अक्टूबर से लेकर 8 अक्टूबर तक पूर्वोत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में हल्की बारिश हो सकती है, जिसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। IMD के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मणिपुर, त्रिपुरा, असम, नागालैंड में बारिश की संभावना बनी हुई है। तमिलनाडु में भी लगातार 8 अक्टूबर तक बारिश होगी। पहाड़ी राज्यों में शामिल जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और लद्दाख में बारिश की संभावना नजर नहीं आ रही है।