Page Loader
राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतगणना आज, द्रौपदी मुर्मू का जीतना लगभग तय
यशवंत सिन्हा और द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतगणना आज, द्रौपदी मुर्मू का जीतना लगभग तय

Jul 21, 2022
10:09 am

क्या है खबर?

देश के अगले राष्ट्रपति के नाम का आज ऐलान हो जाएगा। राष्ट्रपति चुनाव की मतगणना आज सुबह 11 बजे शुरू होगी और शाम चार बजे तक विजयी उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया जाएगा। मतगणना महज औपचारिकता है और यह लगभग स्पष्ट है कि NDA उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू बड़े अंतर से विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हरा देंगी। भाजपा ने मुर्मू की जीत का जश्न मनाने के लिए बड़े स्तर पर इंतजाम किए हैं।

जानकारी

संसद भवन में होगी मतगणना

राष्ट्रपति चुनाव में डाले गए वोटों की मतगणना आज सुबह 11 बजे संसद भवन में शुरू होगी और शाम 4 बजे तक यह संपन्न हो जाएगी। विजयी उम्मीदवार 25 जुलाई को राष्ट्रपति पद की शपथ लेगा। मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को संपन्न हो रहा है। NDTV ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि जीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी तीन मूर्ति मार्ग स्थित मूर्मू के अस्थायी आवास पर जाकर उन्हें बधाई दे सकते हैं।

जानकारी

द्रौपदी मुर्मू के आवास पर शुरू हुईं तैयारियां

ओडिशा के रायरंगपुर स्थित द्रौपदी मुर्मू के घर पर भी जश्न की तैयारियां शुरू हो गई हैं और मिठाईयां बनने लगी हैं। उनकी जीत की खुशी में विजयी जुलूस निकाला जाएगा। दूसरी तरफ दिल्ली भाजपा भी मुर्मू की जीत का जश्न मनाने के लिए पार्टी मुख्यालय से लेकर राजपथ तक रोडशो करने की योजना बनाई है। इसमें कई बड़े नेता हिस्सा ले सकते हैं। भाजपा की सभी प्रदेश इकाईयां मुर्मू की जीत का जश्न मनाने के लिए रैलियां करेंगी।

समर्थन

मुर्मू को मिला 44 पार्टियों का समर्थन

चुनाव से पहले कुल 44 पार्टियों ने द्रौपदी मुर्मू और 34 पार्टियों ने यशवंत सिन्हा को समर्थन देने का ऐलान किया था। हालांकि, चुनाव में कई विधायकों ने मुर्मू के समर्थन में वोटिंग करने की बात कही है। ऐसे में माना जा रहा है कि मुर्मू यह चुनाव आसानी से जीत लेंगी। मुर्मू को उम्मीदवार बनाकर NDA ने विपक्षी खेमे की एकजुटता में दरार डाल दी थी। कांग्रेस की सहयोगी पार्टियों ने भी मुर्मू का समर्थन किया है।

मतदान

99 प्रतिशत से अधिक रहा था वोटिंग प्रतिशत

सोमवार शाम वोटिंग खत्म होने के बाद चुनाव आयोग ने बयान जारी करते हुए बताया कि लोकसभा और राज्यसभा के 771 सांसदों और सभी विधानसभाओं के 4,025 विधायकों में से 99 प्रतिशत से अधिक ने वोट डालने के अपने अधिकार का इस्तेमाल किया। छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, केरल, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मणिपुर, मिजोरम, पुडुचेरी, सिक्किम और तमिलनाडु ऐसे राज्य रहे जहां के 100 प्रतिशत विधायकों ने वोट डाला। दो विधायकों को वोट डालने के लिए अयोग्य करार दिया गया।

न्यूजबाइट्स प्लस (जानकारी)

चुनाव जीतीं तो पहली आदिवासी राष्ट्रपति होंगी मुर्मू

अगर द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति चुनाव जीतती हैं तो वह भारत की पहली आदिवासी राष्ट्रपति होंगी। वह ओडिशा से आने वाली देश की पहली राष्ट्रपति भी होंगी। इसके साथ ही वह देश की दूसरी महिला राष्ट्रपति भी बन जाएंगी। उनसे पहले केवल प्रतिभा पाटिल राष्ट्रपति रही हैं। ओडिशा सरकार में क्लर्क की नौकरी से करियर शुरू करने वालीं मुर्मू इससे पहले झारखंड की राज्यपाल भी रह चुकी हैं। इसके अलावा वह भाजपा की टिकट पर दो बार विधायक चुनी गई थीं।