LOADING...
कोरोना का नया स्ट्रेन: कर्नाटक में नाइट कर्फ्यू लागू, ओडिशा ने भी उठाए ऐहतियाती कदम

कोरोना का नया स्ट्रेन: कर्नाटक में नाइट कर्फ्यू लागू, ओडिशा ने भी उठाए ऐहतियाती कदम

Dec 23, 2020
03:43 pm

क्या है खबर?

कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन को देखते हुए केंद्र के साथ-साथ राज्य सरकारों ने भी ऐहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में कर्नाटक सरकार ने राज्य में 23 दिसंबर से 2 जनवरी तक नाइट कर्फ्यू का ऐलान कर दिया है। इस दौरान रात के 10 बजे से लेकर सुबह के छह बजे तक पूरे राज्य में गैर-जरूरी गतिविधियों पर रोक रहेगी। कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन सबसे पहले यूनाइटेड किंगडम (UK) में पाया गया था।

पृष्ठभूमि

नए स्ट्रेन के कारण UK में तेजी से बढ़ रहे मामले

नए स्ट्रेन के कारण UK के कई इलाकों में मामलों में तेज वृद्धि देखने को मिली है। इसी तरह का एक स्ट्रेन दक्षिण अफ्रीका में भी पाया गया है। हालांकि, अभी तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है कि नया वेरिएंट अधिक घातक है या इस पर वैक्सीन का कोई असर नहीं होगा। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) का कहना है कि नया स्ट्रेन नियंत्रण से बाहर नहीं है और मौजूदा उपायों के जरिये ही इसे काबू किया जा सकता है।

बयान

मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने मांगा लोगों का सहयोग

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन की वजह से 2 जनवरी तक राज्य में नाइट कर्फ्यू लागू किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने लोगों से सहयोग करने की अपील की है। इसके अलावा राज्य में UK से लौटे लोगों को आने के 72 घंटों के भीतर RT-PCR टेस्ट भी करवाना जरूरी होगा। हालांकि, एक दिन पहले ही येदियुरप्पा नाइट कर्फ्यू न लगाने की बात कह चुके थे।

Advertisement

ऐहतियात

विदेशों से आने वाले यात्रियों पर रखी जा रही नजर

कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर के सुधाकर ने कहा, "UK में पाए गए कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन को फैलने से रोकने के लिए नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। हम राज्य में आ रहे अंतरराष्ट्रीय यात्रियों पर भी नजर रख रहे हैं।" उन्होंने आगे कहा कि राज्य से दूसरे राज्यों में आने-जाने पर कोई पाबंदी नहीं लगाई गई है। 1 जनवरी से 10वीं और 12वीं कक्षाओं के छात्रों के लिए स्कूल खुल जाएंगे।

Advertisement

असर

क्रिसमस और नववर्ष के कार्यक्रम होंगे प्रभावित

माना जा रहा है कि नई पाबंदियां क्रिसमस और नववर्ष की संध्या पर होने वाली आयोजनों पर असर डाल सकती हैं। इन दोनों मौकों पर बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर आकर खुशियां मनाते हैं। सुधाकर ने कहा कि 23 दिंसबर से 2 जनवरी तक रात को 10 बजे के बाद से कोई त्योहार या समारोह का आयोजन नहीं किया जा सकेगा। कर्नाटक से पहले महाराष्ट्र सरकार भी कई शहरों में नाइट कर्फ्यू का ऐलान कर चुकी है।

ओडिशा

ओडिशा में UK से आए यात्रियों के लिए होम क्वारंटाइन अनिवार्य

दूसरी तरफ ओडिशा सरकार ने राज्य में UK से आने वाले सभी यात्रियों के लिए 14 दिन तक होम क्वारंटाइन में रहना अनिवार्य कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि UK से आने वाले और UK के हवाई अड्डों पर उड़ानें बदलने वाले सभी यात्रियों को आने पर एक फॉर्म भरना होगा। ऐसे सभी यात्रियों को 14 दिनों के लिए होम क्वारंटाइन रहने की सलाह दी जाती है। इन पर नजर रखने के लिए टीमें तैनात रहेंगी।

कोरोना का नया स्ट्रेन

केंद्र सरकार ने क्या कदम उठाए हैं?

केंद्र सरकार ने ऐहतियाती कदम उठाते हुए UK से आने वाली सभी उड़ानों पर 31 दिसंबर तक रोक लगा दी है। इसके अलावा 21-23 दिसंबर के बीच जो भी यात्री UK से भारत आए हैं, उनका RT-PCR टेस्ट किया जाएगा। अगर कोई कोरोना संक्रमित मिलता है तो उसका सैंपल नए स्ट्रेन की जांच के लिए उनका सैंपल पुणे स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी भेजा जाएगा। साथ ही संक्रमित पाए गए लोगों को अलग जगह पर आइसोलेशन में रखा जाएगा

Advertisement