कोरोना वायरस: केरल में एक भी नया मामला नहीं, देशभर में एक दिन में सबसे ज्यादा
क्या है खबर?
एक महीने से भी ज्यादा समय के बाद शुक्रवार को पहली बार केरल में कोरोना वायरस (COVID-19) का नया मामला सामने नहीं आया। दूसरी तरफ कई दूसरे राज्यों में संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है।
इससे पहले आखिरी बार 18 मार्च को केरल में कोई नया मामला सामने नहीं आया था। कई दिन ऐसे भी रहे, जब राज्य में एक या दो नए मामले सामने आए।
वहीं देश में शुक्रवार को पहली बार 2,000 से ज्यादा मामले सामने आए।
कोरोना वायरस
केरल में नए मामलों की रफ्तार पर लगा ब्रेक
भारत में सबसे पहले केरल में कोरोना वायरस के मामले सामने आए थे। पिछले महीने से यहां नए मामलों की रफ्तार पर ब्रेक लगा हुआ है।
राज्य में 497 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है, जिनमें से महज तीन की मौत हुई है।
मौत का यह आंकड़ा बड़ी संख्या में संक्रमितों वाले राज्यों में सबसे कम है।
केरल के अलावा 10 ऐसे अन्य राज्य और केंद्र शासित प्रदेश हैं, जहां शुक्रवार को एक भी नया मामला सामने नहीं आया।
जानकारी
तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में नए मामलों की संख्या कम
वहीं छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में पिछले कुछ दिनों में बेहद कम नए मामले सामने आ रहे हैं। तेलंगाना में शुक्रवार को छह मामले सामने आए, जिसके बाद यहां संक्रमितों की संख्या 1,044 पहुंच गई है।
कोरोना वायरस
इन 5 राज्यों में सबसे ज्यादा लोग संक्रमित
देश में महाराष्ट्र कोरोना वायरस से सबसे बुरी तरह प्रभावित राज्य है। यहां शुक्रवार को 1,008 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 11,506 पहुंच गई।
इसी तरह गुजरात में शुक्रवार को 326 नए मामलों के साथ संक्रमितों की कुल संख्या 4,721, दिल्ली में 223 नए मामलों के साथ 3,738, मध्य प्रदेश में 290 नए मामलों के साथ 2,715 और राजस्थान में 90 नए मामलों के साथ संक्रमितों की कुल संख्या 2,603 हो गई है।
कोरोना वायरस
देश में पहली बार एक दिन में 2,000 से ज्यादा मामले
महाराष्ट्र में शुक्रवार को पहली बार नए मामलों की संख्या 1,000 से पार हुई। भारत में यह पहली बार है जब किसी राज्य में एक दिन में इतनी बड़ी संख्या में लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
इसी तरह शुक्रवार को पहली बार देश में एक दिन में 2,000 से ज्यादा मामले सामने आए।
शुक्रवार को पूरे देश में कुल 2,283 लोगों में संक्रमण पाया गया, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 37,000 से ज्यादा हो गई।
जानकारी
दो सप्ताह के लिए आगे बढ़ाया गया लॉकडाउन
देश में महामारी के लगातार बढ़ते मामलों के बीच केंद्र सरकार ने 3 मई तक जारी लॉकडाउन को दो सप्ताह आगे बढ़ा दिया है। अब देश में 17 मई तक लॉकडाउन रहेगा। हालांकि, इस बार लोगों को पहले से ज्यादा राहतें मिलेंगी।
कोरोना वायरस
दुनियाभर में महामारी की यह स्थिति
जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के अनुसार, शनिवार तक दुनियाभर में 33.4 लाख से ज्यादा लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है।
इनमें से 2.38 लाख लोगों की मौत हुई है और 10.5 लाख ठीक हो चुके हैं।
अमेरिका इस महामारी से दुनिया का सबसे बुरी तरह प्रभावित देश है। यहां अभी तक 11 लाख से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। यहां मरने वालों की संख्या 65,000 से ज्यादा है।