केरल: छह लोगों को मारने वाली जॉली थॉमस ने जेल में किया आत्महत्या का प्रयास
केरल के कूडाथाई में 14 साल की अवधि में अपने पति सहित परिवार के छह लोगों को साइनाइड देकर मौत की नींद सुलाने वाली किलर जॉली थॉमस ने गुरुवार को जेल में आत्महत्या का प्रयास किया। वह कोझीकोड जेल में बंद थी और उसने किसी धारदार चीज से अपनी कलाई काट ली थी। सूचना मिलने पर जेलकर्मियों ने उसे कोझिकोड मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया, जहां अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
14 साल में परिवार के छह लोगों को सुलाया मौत की नींद
जॉली थामस ने पिछले 14 साल में अपने पति रॉय थॉमस सहित छह लोगों को मौत की नींद सुलाया था। वह उनके खाने या ड्रिंक में साायनाइड मिलाकर देती थी। इससे उनकी मौत हो जाती थी। जॉली ने सबसे पहले साल 2002 में अपनी सास अन्नम्मा थॉमस को मारा था। इसके बाद 2008 में ससुर टॉम थॉमस, 2011 में अपने बेटों और पति की जान ली थी। अंतिम हत्या उसने 2016 में की थी।
अक्टूबर में किया गया था गिरफ्तार
इस मामले में मुख्य आरोपी जॉली थॉमस को अक्टूबर 2019 में उसके दो साथी एमएस मैथ्यू और पी प्राजिकुमार के साथ गिरफ्तार किया गया था। उसी के बाद से वह तीनों जेल में बंद हैं और जॉली ने पहली बार ऐसा कदम उठाया है।
सास को मारने के लिए इस्तेमाल किया था कुत्ते का जहर
जॉली थॉमस ने पुलिस को बताया था कि उसने पांच हत्या तो उनके खाने या पीने की चीजों में साइनाइड मिलाकर की थी, लेकिन अपनी सास अन्नम्मा थॉमस की पहली हत्या के लिए उसने कुत्ते के जहर का उपयोग किया था। उसने बताया था कि उस दौरान उसने पागल कुत्तों को मारने के काम आने वाला जहर मटन सूप में मिलाकर अपनी सास को दिया था। उसे पीने के बाद उसकी सास की मौत हो गई थी।
हत्या के लिए प्राजिकुमार उपलब्ध कराता था साइनाइड
पुलिस के अनुसार मामले में गिरफ्तार किए गए जॉली थॉमस के दो साथी एमएस मैथ्यू और पी प्राजिकुमार की इन हत्याओं में अहम भूमिका रही है। प्राजिकुमार एक सुनार है और वह वारदात के लिए मैथ्यू को साइनाइड उपलब्ध कराता था। इसके बाद मैथ्यू उसे जॉली को देता था। जॉली उसे कई दिनों तक अपने घर में रखती थी और मौका पाकर हत्या किए जाने वाले व्यक्ति के खाने या पेय पदार्थ में उसे मिला देती थी।
दुबारा जांच में हुआ सभी वारदातों का खुलासा
पिछले साल अमेरिका मे रहने वाले जॉली थामस के पति के भाई की याचिका पर उनके भाई की मौत के मामले की दुबारा जांच की गई थी। इस जांच में पुलिस को जॉली पर शक हो गया। उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की तो वह खुद को बेनुगाह बताती रही, लेकिन सख्ती बरतने पर उसने अपने पति की ही नहीं बल्कि परिवार के सभी छह लोगों की हत्या करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया था।
शवों को कब्र से निकालकर कराया पोस्टमार्टम
बता दें कि जॉली के अपराध स्वीकार करने पर पुलिस ने विशेषज्ञों की मदद से शवों को फिर से कब्रों से निकालकर उनका पोस्टमार्टम कराया था। दुबारा मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट तैयार की थी।
अवैध संबंध और संपत्ति के लिए रची थी जॉली ने हत्या की साजिश
पुलिस की पूछताछ में सामने आया था कि जॉली थॉमस के विवाह के बाद किसी से अवैध संबंध थे। इन्हीं संबंधों को बनाए रखने और परिवार की संपत्ति को हासिल करने के लिए उसने परिवार के सभी लोगों की हत्या करने की साजिश रची थी। वह अपने स्वार्थ में इस कदर पागल हो गई थी कि उसने बच्चों को भी नहीं छोड़ा। 2016 में उसने अपने सास की रिश्तेदार सिली को भी साइनाइड देकर मौत के घाट उतार दिया था।