Page Loader
700 करोड़ रुपये में स्पूतनिक-V वैक्सीन की एक करोड़ खुराकें खरीद सकती है मुंबई

700 करोड़ रुपये में स्पूतनिक-V वैक्सीन की एक करोड़ खुराकें खरीद सकती है मुंबई

May 19, 2021
05:26 pm

क्या है खबर?

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई ने कोरोना वायरस महामारी की तीसरी लहर से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं और भारत में वैक्सीन न मिलने पर वैश्विक टेंडर जारी किया है। इसमें अभी तक तीन कंपनियां रूस की कोरोना वैक्सीन 'स्पूतनिक-V' की एक करोड़ खुराकें आयात करने का टेंडर फाइल कर चुकी हैं। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) 700 करोड़ रुपये में ये खुराकें खरीदेगी और उसकी योजना दो महीने के अंदर सभी मुंबईवासियों को वैक्सीन लगाने की है।

टेंडर

इन तीन कंपनियों ने फाइल किए स्पूतनिक के लिए टेंडर

BMC को जिन तीन कंपनियों की बोलियां आई हैं, उनमें लंदन की तालीसिन इंटरनेशनल लिमिटेड और हैदराबाद की दो कंपनियां शामिल हैं जिन्होंने स्पूतनिक के वितरक रशियन डायरेक्ट इनवेस्टमेंट फंड (RDIF) से वितरण का समझौता होने का दावा किया है। BMC के कमिश्नर इकबाल सिंह चहल ने ब्लूमबर्ग के साथ इंटरव्यू में कहा कि इस टेंडर में फाइजर, मॉडर्ना, भारत बायोटेक और सीरम इंस्टीट्यूट समेत सभी को न्यौता दिया गया है और 25 मई को इस पर अंतिम फैसला होगा।

योजना

60 दिनों में पूरी मुंबई को वैक्सीन लगाने की योजना- चहल

चहल ने कहा कि तेज वैक्सीनेशन से कोरोना की तीसरी लहर को टालने में मदद मिलेगी जिसमें मरीजों की देखभाल करने के लिए प्रशासन को 800 करोड़ रुपये से अधिक का खर्च आ सकता है। उन्होंने कहा, "अगर हमें डेढ़ करोड़ खुराकें मिलती हैं तो मेरी 60 दिनों में मुंबई के सभी लोगों को वैक्सीन लगाने की योजना है। इससे तीसरी लहर को रोकने में आसानी होगी।" उन्होंने कहा कि मुंबई वैक्सीन आयात करने वाला देश का पहला शहर है।

डाटा

18-45 साल के सभी लोगों के वैक्सीनेशन के लिए मुंबई को चाहिए एक करोड़ खुराकें

बता दें कि 18 से 45 साल तक के सभी लोगों का वैक्सीनेशन करने के लिए मुंबई को एक करोड़ खुराकों की जरूरत पड़ेगी, वहीं इससे अधिक उम्र के लोगों के वैक्सीनेशन के लिए उसे 50 लाख अतिरिक्त खुराकों की जरूरत पड़ेगी।

टेंडर

महाराष्ट्र सरकार ने भी निकाला है 5 करोड़ खुराकों के लिए टेंडर

गौरतलब है कि मुंबई की तरह महाराष्ट्र सरकार ने भी अंतरराष्ट्रीय बाजार से 5 करोड़ खुराकें खरीदने के लिए टेंडर जारी किया है। सरकार ने अगले आठ दिन में इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा है। वहीं ठाणे और नवी मुंबई के नगर निगमों ने भी वैक्सीन खरीदने के लिए वैश्विक टेंडर जारी किए हैं। ठाणे नगर निगम पांच लाख तो नवी मुंबई नगर निगम चार लाख खुराकें खरीदने की योजना बना रही हैं।

कोरोना का कहर

महाराष्ट्र और मुंबई में क्या है कोरोना महामारी की स्थिति?

दूसरी लहर से बुरी तरह प्रभावित हुए महाराष्ट्र में अब स्थिति सुधरने लगी है और मामलों की संख्या आधे से भी कम हो गई है। लहर के चरम पर यहां राज्य में 67,000 से अधिक मामले सामने आए थे, वहीं मंगलवार को ये आंकड़ा 28,438 रहा। राज्य में अब तक कुल 54,33,506 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 83,777 मौतें हुई हैं। मुंबई की स्थिति भी सुधरी है और यहां नए मामले 1,000 से नीचे आ गए हैं।