Page Loader
पावरफुल पासपोर्ट इंडेक्स 2020: दो स्थान फिसलकर 84वें स्थान पर पहुंचा भारत

पावरफुल पासपोर्ट इंडेक्स 2020: दो स्थान फिसलकर 84वें स्थान पर पहुंचा भारत

Jan 10, 2020
12:40 pm

क्या है खबर?

सरकार भारत देश को जल्दी ही दुनिया के सबसे ताकतवर देशों की सूची में लाने का दावा कर रही है, लेकिन अमेरिकी फर्म हेन्ले एंड पार्टनर्स की ओर से जारी की गई सबसे ताकतवर पासपोर्ट की सूची से सरकार के सपने को झटका लग सकता है। सूची के अनुसार सबसे पावरफुल पासपोर्ट की सूची में भारतीय पासपोर्ट दो स्थान फिसलकर 84वें स्थान पर पहुंच गया है और भारतीय पासपोर्टधारक दुनिया के 58 देशों में बिना वीजा एंट्री कर सकते हैं।

कमजोर

एशिया के सबसे छोटे देश से भी कमजोर है भारत का पासपोर्ट

ताकतवर पासपोर्ट के मामले में भारत का पासपोर्ट एशिया के सबसे छोटे देश मालदीव से भी कमजोर है। मालदीव की न केवल जनसंख्या कम है बल्कि क्षेत्रफल के मामले में भी वह बहुत छोटा है। इसके बाद भी उसकी ताजा पासपोर्ट रैंकिंग 61 है और वहां के पासपोर्टधारी 85 देशों में बिना वीजा के प्रवेश कर सकते हैं। हालांकि, कुछ देशों के लिए वीजा ऑन एराइवल मिलता है।

तुलना

पड़ोसी देशों के सामने भारत की स्थिति

पड़ोसी देशों से भारत की तुलना की जाए तो चीन का पासपोर्ट मजबूत है। इस सूची में चीन 72वें स्थान पर है और वहां के पासपोर्टधारियों को 71 देशों में बिना वीजा के प्रवेश मिल सकता है। हालांकि, भारत का जानी दुश्मन माना जाने वाला देश पाकिस्तान 104वें पायदान पर है और उसके पासपोर्टधारी महज 32 देशों में ही बिना वीजा के जा सकते हैं। इसी प्रकार श्रीलंका 97वें और बांग्लादेश 98वें पायदान पर है।

बिना वीजा यात्रा

इन देशों की बिना वीजा यात्रा कर सकते हैं भारतीय पासपोर्टधारक

भारतीय पासपोर्टधारक सर्बिया, भूटान, इंडोनेशिया, मकाऊ, नेपाल, मॉरिशस, सेनेगल, इथोपिया, कंबोडिया, केन्या, तंजानिया, मालदीव, म्यांमार, बाराबडोस, श्रीलंका, टोंगो, थाईलैंड, ट़यूनीशिया, सेशेल्स, जिम्बॉब्वे, फिजी, मार्शल आइलैंड, यूगांडा, जॉर्डन, बोलीविया, गाबोन, ईरान और कतर सहित 58 देशों में बिना वीजा के यात्रा कर सकते हैं। हालांकि, कुछ देशों में वीजा ऑन अराइवल की जरूरत पड़ सकती है।

सबसे ताकतवर

दुनिया के शीर्ष 10 सबसे शक्तिशाली पासपोर्ट

1) जापान: 191 देशों में वीजा-मुक्त प्रवेश 2) सिंगापुर: 190 3) जर्मनी, दक्षिण कोरिया: 189 4) फिनलैंड, इटली: 188 5) डेनमार्क, लक्समबर्ग, स्पेन: 187 6) फ्रांस, स्वीडन: 186 7) ऑस्ट्रिया, आयरलैंड, नीदरलैंड, पुर्तगाल, स्विट्जरलैंड: 185 8) बेल्जियम, ग्रीस, नॉर्वे, ब्रिटेन, अमेरिका: 184 9) ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, चेक गणराज्य, माल्टा, न्यूजीलैंड: 183 10) हंगरी, लिथुआनिया, स्लोवाकिया: 181

सबसे कमजोर

दुनिया के शीर्ष 10 सबसे कमजोर पासपोर्ट

1) अफगानिस्तान: 26 देशों के लिए वीजा मुक्त पहुंच 2) इराक: 28 3) सीरिया: 29 4) पाकिस्तान, सोमालिया: 32 5) यमन: 33 6) लीबिया: 37 7) नेपाल, फिलिस्तीनी क्षेत्र: 38 8) उत्तर कोरिया, सूडान: 39 9) कोसोवो, लेबनान: 40 10) बांग्लादेश, कांगो, इरिट्रिया, ईरान: 41