भारत में जल्द शुरू होगा जॉनसन एंड जॉनसन की एक खुराक वाली वैक्सीन का ट्रायल
क्या है खबर?
कोरोना महामारी की दूसरी लहर से जूझ रहे देश के लिए बड़ी राहत की खबर आई है। भारत में जल्द ही अमेरिकी कंपनी जॉनसन एंड जॉनसन द्वारा विकसित कोरोना वायरस की एकल खुराक वैक्सीन को क्लिनिकल ट्रायल शुरू हो सकता है।
कंपनी इस संबंध में लगातार केंद्र सरकार से बातचीत कर रही है। कंपनी ने शुक्रवार को सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गनाइजेशन (CDSCO) को पत्र भेजकर मंजूरी के लिए जल्द ही आवेदन करने की बात कही है।
पुष्टि
क्लिनिकल ट्रायल के लिए भारत सरकार से कर रहे हैं वार्ता- कंपनी प्रतिनिधि
रायटर्स के अनुसार जॉनसन एंड जॉनसन के प्रतिनिधि ने ईमेल के जरिए से कहा, "हम भारत में हमारी कोरोना वैक्सीन के ब्रिजिंग क्लिनिकल ट्रायल को शुरू करने के लिए भारत सरकार के साथ चर्चा कर रहे हैं।"
बता दें कि ब्रिजिंग ट्रायल एक क्लिनिकल ट्रायल है जहां नियामक संस्था किसी भी वैक्सीन की सुरक्षा और इम्युनिटी की जांच करने के लिए वॉलेंटियरों को छोटी संख्या में (लगभग 1,000) नामांकन करने के लिए कहता है।
समय
वैक्सीन की कमी के बीच आई राहत की खबर
भारत के वैक्सीनेशन अभियान के लिहाज के कंपनी का यह कदम बहुत अधिकह महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कारण यह है कि देश वर्तमान में महामारी की दूसरी लहर का सामना कर रहा है।
इसके अलावा सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित कई राज्य वैक्सीनों की कमी बता रहे हैं।
हालांकि, केंद्र सरकार ने राज्य सरकारों के इन दावों को खारिज करते हुए कहा है कि अभी भी बहुत सारी वैक्सीन खुराक उपलब्ध हैं।
जानकारी
जॉनसन एंड जॉनसन की वैक्सीन को US और EU में मिली मंजूरी
बता दें कि जॉनसन एंड जॉनसन एकल खुराक वैक्सीन को अभी तक अमेरिका (US), यूरोपीय संघ (EU), थाईलैंड और दक्षिण अफ्रीका आदि देशों में आपात उपयोग की मंजूरी मिली है। भारत में कंपनी ने वैक्सीन के निर्माण के लिए बायोलॉजिकल-ई के साथ करार किया है।
अन्य वैक्सीन
भारत में वर्तमान में इन दो वैक्सीनों का किया जा रहा है उपयोग
भारत में वर्तमान में दो वैक्सीनों को आपात इस्तेमाल की मंजूरी मिली हुई है। इसमें एक सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) द्वारा उत्पादित 'कोविशील्ड' और भारत बायोटेक की 'कोवैक्सिन' शामिल है।
इसके अलावा भारत में कई अन्य वैक्सीनों का भी क्लिनिकल ट्रायल किया जा रहा है। इनमें रूस का स्पुतनिक-V और कैडिला हेल्थकेयर द्वारा विकसित वैक्सीन शामिल हैं। भारत ने अब तक कोरोनो वैक्सीन की नौ करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं।
संक्रमण
भारत में यह है कोरोना संक्रमण की स्थिति
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 1,31,968 नए मामले सामने आए और 780 मरीजों की मौत हुई है। महामारी की शुरुआत के बाद देश में एक दिन में मिले ये सर्वाधिक मामले हैं।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,30,60,542 हो गई है। इनमें से 1,67,642 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 9,79,608 हो गई है।