Page Loader
कैसे दिया गया था PNB घोटाले को अंजाम? ऑडिट में सामने आईं नई जानकारियां

कैसे दिया गया था PNB घोटाले को अंजाम? ऑडिट में सामने आईं नई जानकारियां

Dec 04, 2019
11:17 am

क्या है खबर?

पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में लगभग दो साल पहले हुए घोटाले की नई जानकारियां सामने आई हैं। बैंक की तरफ से करवाए गए फॉरेंसिक ऑडिट में इस घोटाले की गहराई का खुलासा हुआ है। इसमें पता चला है कि नीरव मोदी की कई कंपनियों ने सालों तक योजनाबद्ध तरीके से बैंक के सिस्टम के साथ खिलवाड़ किया और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। आइये, इस बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त करते हैं।

ऑडिट

नीरव मोदी समूह को जारी हुए 28,000 करोड़ के LoU

2018 में घोटाला सामने आने के बाद बैंक ने बेल्जियाई ऑडिटर BDO को ऑडिट पर लगाया। BDO ने पाया कि जून 2018 तक PNB की तरफ से 28,000 करोड़ रुपये की कीमत के 1,561 लैटर ऑफ अंडरटेकिंग (LoU) नीरव मोदी सूमह को जारी किए गए थे। इनमें से 25,000 करोड़ की कीमत के 1,381 LoU धोखाधड़ी से जारी किए गए थे। जिन 23 निर्यातकों को ये जारी किए गए थे, उनमें 21 नीरव मोदी के नियंत्रण वाले थे।

जानकारी

बैंक को भुगतान के लिए गलत इस्तेमाल किए गए 193 LoU

जांच में सामने आया कि लगभग 6,000 करोड़ की कीमत वाले 193 LoU को बैंक को भुगतान करने के लिए गलत इस्तेमाल किया गया था।

संपत्तियां

BDO ने तैयार नीरव की संपत्तियों की सूची

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, BDO ने नीरव मोदी और उसके पारिवारिक सदस्यों की कुल संपत्ति की लिस्ट बनाई है। इनमें से नीरव और उसके परिवार के मालिकाना हक वाली 20 संपत्तियां ऐसी हैं, जिन्हें कभी लोन लेने के लिए सिक्योरिटी के तौर पर नहीं रखा गया था। इनके अलावा भगौड़े नीरव के पास 15 ऐसे संपत्तियां हैं जिन्हें सिक्योरिटी के तौर पर रखा गया था। इनकी कुल कीमत 1,300 करोड़ है।

नीलामी

आयकर विभाग ने नीलाम की थी पेंटिंग्स

नीरव मोदी के पास भारत से बाहर 13 अचल संपत्तियां हैं। इनके अलावा उसके पास पांच लग्जरी कार और बोट भी है। उसकी बाकी चीजों की बात करें तो उसके पास 20 करोड़ की कीमत वाली 106 पेंटिग्स भी थी। इनमें एमएफ हुसैन, जैमिनी रॉय, जगन चौधरी और राजा रवि वर्मा की कलाकृतियां शामिल थी। गौरतलब है कि आयकर विभाग ने उसकी पेटिंग की नीलामी कर दी थी। इससे विभाग को 54 करोड़ से ज्यादा की कीमत प्राप्त हुई थी।

ऑडिट

ऑडिट में क्या-क्या बातें निकलकर सामने आईं?

यह घोटाला केवल PNB की कर्मचारियों की मिलीभगत के कारण ही संभव हुआ। कुल LoU में से 92 प्रतिशत बैंक के फॉरेन एक्सचेंज के तत्कालीन डिप्टी मैनेजर गोकुलनाथ शेट्टी ने जारी किए। शेट्टी को CBI ने पिछले साल गिरफ्तार किया था। नीरव ने बैंक की व्यवस्थागत खामियों का फायदा उठाकर घोटाला किया। जिन लोगों को LoU जारी किया गया, उनमें से 99.93 प्रतिशत पर नीरव मोदी का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष नियंत्रण था।

घोटाला

क्या है PNB घोटाला?

PNB घोटाले में हीरा व्यापारी नीरव और उसके मामा मेहुल चोकसी ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे कई बैंकों से कर्ज लिया था। उन्होंने बैकों को लगभग 13,500 करोड़ रुपये का चूना लगाया। पिछले साल मार्च में मामले के खुलासे से पहले ही दोनों देश छोड़कर भाग गए थे। चोकसी ने एंटीगुआ और बरमूडा की नागरिकता ले ली थी। वहीं नीरव मोदी की लंदन की जेल में बंद है। दोनों के भारत प्रत्यर्पण की तैयारी चल रही है।