Page Loader
PNB घोटाले के आरोपी मेहुल चोकसी ने कहा- खराब सेहत के कारण नहीं आ सकता भारत

PNB घोटाले के आरोपी मेहुल चोकसी ने कहा- खराब सेहत के कारण नहीं आ सकता भारत

Dec 25, 2018
04:16 pm

क्या है खबर?

पंजाब नेशनल बैंक (PNB) घोटाले में आरोपी मेहुल चोकसी ने कहा है कि वह खराब सेहत की वजह से भारत नहीं आ सकता। बॉम्बे हाई कोर्ट में दाखिल अपने जवाब में चोकसी ने कहा कि खराब सेहत की वजह से वह 41 घंटे का सफर कर एंटीगुआ से भारत नहीं आ सकता। साथ ही चोकसी ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) पर आरोप लगाया कि ED ने उसके स्वास्थ्य की जानकारी न देकर कोर्ट को गुमराह किया है।

जांच

CBI और ED कर रही है जांच

गौरतलब है कि चोकसी के खिलाफ CBI और ED की जांच चल रही है। हाल ही में इंटरपोल ने चोकसी के खिलाफ रेडकॉर्नर नोटिस जारी किया था। अपने जवाब में चोकसी ने कहा कि वह मामला सुलझाने के लिए लगातार बैंकों के संपर्क में है। साथ ही उसने कहा कि वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जांच में सहयोग करने को तैयार है। चोकसी ने आरोप लगाया है कि ED उसके स्वास्थ्य की जानकारी नहीं देकर बरगला रही है।

रेड कॉर्नर नोटिस

PNB घोटाले के कई आरोपियों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी

मई-जून में ED ने इंटरपोल से नीरव मोदी और चोकसी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की मांग की थी। ED की मांग पर इंटरपोल ने मामले से जुड़ी और जानकारी मांगी थी। ED ने यह जानकारी देते हुए सितंबर में एक बार फिर रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की मांग की। अभी तक इंटरपोल इस मामले में मोदी, चोकसी, मोदी की बहन पूर्वी, उनके भाई नीशल और दूसरे लोगों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर चुकी है।

रेड कॉर्नर नोटिस

क्या होता है रेड कॉर्नर नोटिस

साधारण शब्दों में कहा जाए तो रेड कॉर्नर नोटिस एक तरह से अंतरराष्ट्रीय गिरफ्तारी वारंट है। रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद इंटरपोल में शामिल सभी देश मोदी और चोकसी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर सकते हैं। अगर किसी भी देश में मोदी और चोकसी मिलते हैं तो इंटरपोल उन्हें पकड़कर भारत को सौंप देगी। दुनिया के कुल 195 देशों में से 192 देश इंटरपोल के ग्लोबल नेटवर्क का हिस्सा है।

जानकारी

मोदी और चोकसी कहां है?

PNB घोटाला सामने आने से पहले ही मोदी और चोकसी देश छोड़कर भाग चुके थे। माना जा रहा है कि मोदी इंग्लैंड में और चोकसी केरेबियाई देश एंटीगुआ में छिपे हैं। बता दें, ये दोनों देश इंटरपोल के सदस्य है।