
भारत-पाकिस्तान में हुआ युद्धविराम, डोनाल्ड ट्रंप के ऐलान के बाद विदेश मंत्रालय ने की पुष्टि
क्या है खबर?
भारत और पाकिस्तान में युद्धविराम हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसकी जानकारी दी है।
इसके बाद भारतीय विदेश मंत्रालय और पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने भी इसकी पुष्टि की है।
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'अमेरिका की मध्यस्थता में रातभर हुई बातचीत के बाद मुझे ये बताते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान पूर्ण और तत्काल युद्धविराम के लिए सहमत हुए हैं। दोनों देशों को समझदारी दिखाने पर बहुत-बहुत बधाई।'
मंत्रालय
आज शाम 5 बजे से लागू हुआ युद्धविराम- विदेश मंत्रालय
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा, "पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशकों (DGMO) ने आज दोपहर 15:35 बजे भारतीय DGMO को फोन किया। उनके बीच यह सहमति बनी कि दोनों पक्ष भारतीय मानक समयानुसार 5 बजे से जमीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई बंद कर देंगे। आज दोनों पक्षों को इस सहमति को लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। सैन्य संचालन महानिदेशक 12 मई को दोपहर 12 बजे फिर से बात करेंगे।"
पाकिस्तान
पाकिस्तान ने भी युद्धविराम की पुष्टि की
पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने लिखा, 'पाकिस्तान और भारत ने तत्काल प्रभाव से युद्ध विराम पर सहमति जताई है। पाकिस्तान ने हमेशा अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता से समझौता किए बिना क्षेत्र में शांति और सुरक्षा के लिए प्रयास किया है!'
इससे पहले भी डार ने भारत के साथ तनाव कम करने के संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था कि अगर भारत सैन्य हमले रोकता है तो पाकिस्तान भी रोक लेगा।
बातचीत
भारत-पाकिस्तान में हुई सीधी बातचीत- रिपोर्ट
समाचार एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से दावा किया कि भारत और पाकिस्तान के बीच गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने के लिए दोनों देशों के बीच सीधे तौर पर बातचीत हुई थी।
आज दोपहर पाकिस्तान के सैन्य ऑपरेशन के DG ने बातचीत की पहल की, जिसके बाद चर्चा हुई और युद्धविराम पर सहमति बनी। किसी अन्य मुद्दे पर किसी अन्य स्थान पर बातचीत करने का कोई निर्णय नहीं हुआ है।
बयान
अमेरिकी विदेश मंत्री ने जताई खुशी
अमेरिका विदेश सचिव मार्को रुबियो ने लिखा, 'उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शहबाज शरीफ, विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर, सेनाध्यक्ष असीम मुनीर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और असीम मलिक सहित वरिष्ठ भारतीय और पाकिस्तानी अधिकारियों के साथ बातचीत की है। मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान की सरकारें तत्काल युद्ध विराम और तटस्थ स्थल पर व्यापक मुद्दों पर बातचीत शुरू करने पर सहमत हो गई हैं।'
घटनाक्रम
भारत-पाकिस्तान में कब और कैसे बढ़ा तनाव?
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की जान गई थी।
भारत ने इसके पीछे पाकिस्तानी आतंकवादियों का हाथ बताते हुए 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया और 7-8 मई की आधी रात को पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) में 7 जगहों पर 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया।
इसके बाद पाकिस्तान बीते 2 दिन से भारत पर मिसाइल और ड्रोन दाग रहा था।
आज अमेरिका की मध्यस्थता में दोनों देशों के बीच युद्धविराम हुआ है।