Page Loader
अमित शाह के सीमावर्ती राज्यों को निर्देश, राष्ट्रविरोधी दुष्प्रचार और फर्जी खबरों पर कसे लगाम
गृह मंत्री अमित शाह ने सीमावर्ती राज्यों को दिए फर्जी खबरों पर लगाम कसने के निर्देश (तस्वीर: एक्स/@AmitShah)

अमित शाह के सीमावर्ती राज्यों को निर्देश, राष्ट्रविरोधी दुष्प्रचार और फर्जी खबरों पर कसे लगाम

May 08, 2025
10:59 am

क्या है खबर?

भारत की ओर से पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेने के बाद बुधवार तड़के पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में चलाए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने सीमावर्ती राज्यों को विशेष सतर्कता बरतने और आपात स्थिति का जवाब देने के लिए तैयार रहने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर राष्ट्र विरोधी प्रचार पर नजर रखने और फर्जी खबरों पर नकेल कसने के लिए सख्त कार्रवाई करने करने को भी कहा है।

बैठक

शाह ने सीमावर्ती राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ की बैठक

गृह मंत्रालय के अनुसार, गृह मंत्री शाह ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के उपराज्यपाल, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, राजस्थान, गुजरात और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री और सिक्किम सरकार के प्रतिनिधि के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्रियों और उपराज्यपालों ने 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता के लिए केंद्र सरकार और सशस्त्र बलों की सराहना की, जिसके तहत पाकिस्तान और PoK में स्थित 9 स्थानों पर आतंकी ठिकानों पर 26 मिसाइल हमले किए गए।

निर्देश

शाह ने दिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर नजर रखने के निर्देश

गृह मंत्री शाह ने अधिकारियों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर राष्ट्र विरोधी प्रचार पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश देते हुए फर्जी खबरों के प्रसार को रोकने के लिए केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय में त्वरित कार्रवाई करने को भी कहा। फर्जी खबरों के खिलाफ चेतावनी तब आई है जब पाकिस्तान से जुड़े कई सोशल मीडिया हैंडल ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के बारे में झूठ फैलाया और पुरानी तस्वीर और वीडियो के जरिए वायुसेना के विमान मार गिराने का दावा किया।

आवश्यकता

आवश्यक सेवाओं का निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने पर जोर

गृह मंत्री शाह ने राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासनों से स्वास्थ्य सेवा और अग्निशमन जैसी आवश्यक सेवाओं का निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने उनसे आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को भी कहा। गृह मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), नागरिक सुरक्षा कर्मी, होम गार्ड और राष्ट्रीय कैडेट कोर को अलर्ट मोड पर रहना चाहिए। ऐसी स्थिति में उनकी कभी भी आवश्यकता पड़ सकती है।

ऑपरेशन

'ऑपरेशन सिंदूर' पाकिस्तान में भारत का सबसे बड़ा हमला

'ऑपरेशन सिंदूर' को एक त्वरित और समन्वित तरीके से अंजाम दिया गया जो सिर्फ 25 मिनट तक चला। इसे पाकिस्तान के भीतर भारत का अब तक का सबसे बड़ा आतंक विरोधी अभियान माना जा रहा है। इसी तरह यह 971 के बाद अब तक का सबसे बड़ा सैन्य हमला भी है। सैन्य अधिकारियों ने बताया कि इन अभियानों में थलसेना, वायुसेना और नौसेना तीनों ने अहम भूमिका निभाई है। यह हमला 970 किलोमीटर के दायरे में किया गया था।

सफलता

केवल 25 मिनट में तबाह किए गए 9 आतंकी ठिकाने

भारत ने रात 1:05 बजे ऑपरेशन शुरू किया था और केवल 25 मिनट में 970 किलोमीटर के दायरे में फैले 9 आतंकी शिविरों को बर्बाद कर दिया। इस दौरान 80 आतंकियों की मौत हो गई। भारतीय सेना ने SCALP क्रूज मिसाइलों और हैमर स्मार्ट बम जैसे उन्नत हथियारों का इस्तेमाल किया। खास बात थी कि हमले में भारतीय सेना को किसी भी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ। सभी पायलट से लेकर विमान सभी सुरक्षित वापस लौट आए हैं।