Page Loader
भारत-पाकिस्तान संघर्ष के बीच शेयर बाजार में सेंसेक्स 800 अंक टूटा, क्या हैं गिरावट की वजहें?
भारत-पाकिस्तान संघर्ष के बीच शेयर बाजार धड़ाम

भारत-पाकिस्तान संघर्ष के बीच शेयर बाजार में सेंसेक्स 800 अंक टूटा, क्या हैं गिरावट की वजहें?

May 09, 2025
11:47 am

क्या है खबर?

भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते संघर्ष के कारण भारतीय शेयर बाजार में आज (9 मई) बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। आज सुबह के कारोबार में सेंसेक्स 800 अंकों से अधिक टूट गया, जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 24,050 के 200-DEMA समर्थन स्तर से नीचे फिसल गया। बैंक निफ्टी में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ने शुरुआती घंटों में ही अपने इंट्राडे लो को छू लिया, जिससे निवेशकों में बेचैनी बढ़ गई है।

वजह

भारत-पाकिस्तान तनाव की वजह से गिरावट

भारतीय शेयर बाजार में आज कई वजह से गिरावट देखने को मिल रही है। सबसे बड़ी वजह भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ता तनाव है। हाल ही में पाकिस्तान में भारत के ड्रोन हमलों के बाद निवेशकों के बीच युद्ध की आशंका बढ़ गई है। इससे बाजार में डर का माहौल है। पहले जहां सर्जिकल स्ट्राइक जैसे जवाब की उम्मीद थी, अब हालात ज्यादा खिंचते नजर आ रहे हैं, जिससे निवेशक सतर्क हो गए हैं।

व्यापार

व्यापार, डॉलर और तेल से दबाव

भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है, लेकिन इसका अब तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है। इससे निवेशकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। वहीं, अमेरिकी डॉलर इंडेक्स फिर से 100 के ऊपर चला गया है, जिससे विदेशी निवेशकों की धारणा कमजोर हुई है। कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव भी बाजार को अस्थिर बना रहा है और दबाव बढ़ा रहा है।

अन्य

एशियाई बाजार और वैश्विक संकेत कमजोर

शंघाई और हैंग सेंग जैसे एशियाई बाजारों में भी आज गिरावट देखी गई है, जो भारतीय बाजार पर असर डाल रही है। कमजोर वैश्विक संकेतों के कारण निवेशक भारतीय शेयरों में पैसा लगाने से बच रहे हैं। विदेशी बाजारों में बिकवाली के रुख का असर घरेलू बाजार पर साफ देखा जा रहा है। इन सभी वजहों से आज भारतीय शेयर बाजार के सेंसेक्स और निफ्टी जैसे प्रमुख सूचकांकों में गिरावट बनी हुई है।